रनटोला जंगल में दर्दनाक सड़क हादसा: खड़े ट्रक से टकराई बाइक, 21 वर्षीय युवक की मौत, दो घायल

aeh.news

Administrator | Updated: 21 Jan 2026, 12:45 PM IST | 0 min read
Share:

म्योरपुर/सोनभद्र(विकास अग्रहरि)
पिपरी थाना क्षेत्र अंतर्गत मुर्धवा–बीजपुर मार्ग पर मंगलवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 21 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा रनटोला जंगल में मुर्धवा से लगभग तीन किलोमीटर पहले रात करीब साढ़े आठ बजे हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के कटौली गांव निवासी विशाल (21) पुत्र जगनारायण, आदित्य (19) पुत्र रामेश्वर तथा अजय (23) पुत्र रामचंद्र निवासी मझौली एक ही बाइक पर सवार होकर दुद्धी से रेणुकूट अपने एक मित्र से मिलने जा रहे थे।
जैसे ही वे रनटोला जंगल के पास मुर्धवा–बीजपुर मार्ग पर पहुंचे, सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में उनकी बाइक पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों युवक बाइक से उछलकर सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मौके से गुजर रहे राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पिपरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र म्योरपुर पहुंचाया।
अस्पताल में तैनात चिकित्सक डॉ. पी.एन. सिंह ने जांच के बाद विशाल को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल अजय की हालत गंभीर होने पर उसे भर्ती कर इलाज शुरू किया गया, जबकि आदित्य को आंशिक चोटें आई हैं।
घायल आदित्य ने बताया कि हादसे के समय बाइक विशाल चला रहा था और तीनों दोस्त रेणुकूट जा रहे थे। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है।

New Edition

Read Today's E-Magazine

Swipe through the complete digital edition of Urjanchal Tiger right on your screen.