— पांच बच्चों के पिता की मौत से परिवार में मचा कोहराम, पुलिस ने शव कब्जे में लेकर शुरू की जांच
बीजपुर (रामजियावन गुप्ता)। थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत जरहा के टोला चेतवा में शुक्रवार को एक 39 वर्षीय युवक की मौत से गांव में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान पन्नालाल पुत्र रजलाल निवासी टोला चेतवा के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवक की पत्नी पिछले पांच दिनों से मायके गई हुई थी। शुक्रवार की सुबह युवक ने अपने पांचों बच्चों को घर से बाहर भेज दिया। इसके कुछ देर बाद घर के अंदर उसकी मौत हो गई।
बताया जाता है कि कुछ देर बाद बेटी मनीषा घर पहुंची और दरवाजा खुलवाने लगी। अंदर से दरवाजा बंद होने पर वह पीछे के रास्ते से घर में दाखिल हुई। अंदर पिता को मृत अवस्था में देखकर वह चीख-पुकार कर रोने लगी। उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।
पड़ोसियों ने ग्राम प्रधान प्रतिनिधि विनोद भारती को घटना की जानकारी दी। उनकी सूचना पर प्रभारी निरीक्षक अविनाश कुमार सिंह ने पुलिस टीम को मौके पर भेजा। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लिया और पंचनामा भरकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
मृतक के परिवार में चार पुत्र और एक पुत्री हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है।
