सोनभद्र (विकास द्विवेदी) उत्तर प्रदेश विधान परिषद द्विवार्षिक निर्वाचन 2026 के तहत वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन के मतदान को देखते हुए सोनभद्र जिले में 23 अक्टूबर को कक्षा आठ तक के सभी विद्यालयों में विशेष अवकाश घोषित किया गया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनंद पाण्डेय ने गुरुवार को इस संबंध में आदेश जारी कर सभी संबंधित विद्यालयों को निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा है।
जारी आदेश के अनुसार जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी कार्यालय से प्राप्त निर्देशों के क्रम में मतदान दिवस 23 अक्टूबर 2026 को जनपद के समस्त परिषदीय प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों के साथ मान्यता प्राप्त एवं सहायता प्राप्त विद्यालयों में अवकाश रहेगा। इसके अलावा सीबीएसई, आईसीएसई, मदरसा बोर्ड तथा अन्य बोर्डों के अधीन संचालित कक्षा एक से आठ तक के विद्यालय भी बंद रहेंगे। बीएसए की ओर से जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह निर्णय विधान परिषद निर्वाचन के मतदान को देखते हुए लिया गया है। जनपद के समस्त खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने अपने क्षेत्रों में आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराये।
