सोनभद्र (विकास द्विवेदी) चोपन गांव की हरिजन बस्ती मे संविधान निर्माता डा भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा को खंडित किए जाने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद क्षेत्र में लोगों के बीच नाराजगी का माहौल है। बाबा साहब की प्रतिमा को नुकसान पहुंचाए जाने से स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है।
गौरतलब है कि चोपन आदर्श नगर पंचायत के विस्तारित क्षेत्र वार्ड नं 2 नई बस्ती आंबेडकर नगर में स्थापित इस प्रतिमा का अनावरण 14 अप्रैल 2025 को प्रदेश सरकार के समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव गोंड़ ने किया था। प्रतिमा के अनावरण से संबंधित शिलापट्ट पर राज्यमंत्री संजीव गोंड़ के साथ डा आंबेडकर सेवा समिति के अध्यक्ष लवकुश भारती, संयोजक उस्मान अली तथा भूमिदानकर्ता रामा देवी का नाम भी अंकित है। प्रतिमा को खंडित किए जाने की घटना ने सामाजिक सौहार्द और महापुरुषों के सम्मान को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कारवाई करने तथा प्रतिमा की मरम्मत कराने की मांग की है। प्रभारी निरीक्षक गोपाल जी गुप्ता ने बताया कि सीसीटीवी के आधार से घटना करने वालों की पहचान कर कानूनी कारवाई की जाएगी।
सूचना मिलते ही नगर पंचायत अध्यक्ष उस्मान अली ने घटना की निंदा करते हुए दोषियों के विरुद्ध कड़ी कारवाई की मांग किया है। इस अवसर पर सुनील सिंह, प्रदीप अग्रवाल, अमित सिंह, नजमुद्दीन, नागेंद्र यादव, अनिकेत रावत आदि उपस्थित रहे।

