सोनभद्र (विकास द्विवेदी) दीपावली के जश्न में लाइसेंसी बंदूक से हर्ष फायरिंग करना युवक को भारी पड़ गया। फायरिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद रॉबर्ट्सगंज पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की। पुलिस ने 12 बोर की लाइसेंसी दोनाली बंदूक और पांच जिंदा कारतूस बरामद कर कब्जे में ले लिए हैं। मामले में युवक समेत दो लोगों को नामजद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, बीते आठ नवंबर को दीपावली पर्व के अवसर पर ग्राम पिपरा निवासी अरविन्द पटेल ने अपने चाचा कमला प्रसाद की लाइसेंसी दोनाली बंदूक से हर्ष फायरिंग की थी। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पुलिस ने तत्काल संज्ञान लिया। इस संबंध में थाना रॉबर्ट्सगंज में मु0अ0सं0 900/2026 के तहत धारा 25(9), 29/30 आयुध अधिनियम में अभियोग पंजीकृत कर विवेचना शुरू की गई।
जुए के दौरान पैसों के लेनदेन पर जमकर चले लात घूंसे
जांच के दौरान पुलिस ने संबंधित शस्त्र और कारतूस के संबंध में आवश्यक जानकारी जुटाई। इसके बाद 12 बोर की दोनाली बंदूक, पांच जिंदा कारतूस और शस्त्र लाइसेंस से संबंधित अभिलेख नियमानुसार कब्जे में लिए गए। पुलिस ने कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई। मामले में ग्राम पिपरा निवासी अरविन्द पटेल पुत्र मुन्नू पटेल और कमला प्रसाद पुत्र राधेश्याम को नामजद किया गया है। पुलिस दोनों की भूमिका की जांच करते हुए अग्रिम विधिक कारवाई मे जुटी है। पुलिस का कहना है कि हर्ष फायरिंग से आमजन में भय और असुरक्षा का माहौल पैदा होने की आशंका रहती है। ऐसे कृत्यों पर अंकुश लगाने के लिए अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है।
यह कारवाई पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन, एडिशनल एसपी मेविश टाक के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक राजेश कुमार पाण्डेय और हेड कांस्टेबल संदीप यादव शामिल रहे।
