— अग्निशमन उपकरणों और आपातकालीन तैयारियों का लिया गया जायजा, मॉक ड्रिल में दिखा विभागों के बीच बेहतर समन्वय
रिहंदनगर (रामजियावन गुप्ता)। सीआईएसएफ यूनिट एनटीपीसी रिहंद में सीआईएसएफ अग्निशमन निदेशालय, नई दिल्ली के निर्देशानुसार 03 व 04 नवम्बर को वार्षिक अग्नि सुरक्षा ऑडिट संपन्न हुआ। ऑडिट का संचालन श्री राजेश कुमार शर्मा, उप कमांडेंट/फायर, सीआईएसएफ यूनिट एटीपीपी अनपरा ने किया।
ऑडिट के दौरान अधिकारियों एवं जवानों ने ऑडिट अधिकारी का स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने परियोजना प्रमुख (एचओपी/ईडी), मानव संसाधन प्रमुख सहित एनटीपीसी प्रबंधन के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात कर अग्नि सुरक्षा से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं पर चर्चा की। बैठक में वर्तमान अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं को और प्रभावी बनाने तथा आधुनिक तकनीकों को शामिल करने की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया गया।

निरीक्षण के दौरान ऑडिट अधिकारी ने दोनों अग्निशमन केंद्रों का गहन जायजा लिया। उन्होंने अग्निशमन वाहनों, अग्निशमन एवं बचाव उपकरणों का प्रत्यक्ष संचालन कर उनकी कार्यक्षमता की जांच की। इसके अलावा अग्निशमन ड्रिल का निरीक्षण करते हुए फायर कंट्रोल रूम, फायर स्टोर एवं सीआईएसएफ मुख्य कार्यालय की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की।

इस क्रम में फ्यूल ऑयल टैंक क्षेत्र में मॉक ड्रिल आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों ने आपसी समन्वय के साथ अपनी तत्परता और कार्यक्षमता का प्रदर्शन किया। ऑडिट अधिकारी ने सीआईएसएफ अग्निशमन विंग की रिस्पांस टीम के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की। साथ ही क्यूआरटी टीम, एंबुलेंस सेवाओं, संचालन एवं अनुरक्षण विभाग तथा सुरक्षा टीम के बीच बेहतर तालमेल और त्वरित कार्रवाई की प्रशंसा की।

इस अवसर पर सैनिक सम्मेलन का भी आयोजन किया गया। इसमें ऑडिट अधिकारी ने सीआईएसएफ के सभी बल सदस्यों से संवाद करते हुए अग्नि सुरक्षा के प्रति सजग रहने तथा ड्यूटी के दौरान अनुशासन, सतर्कता और तत्परता बनाए रखने पर जोर दिया।
ऑडिट अधिकारी द्वारा आवश्यक सुझावों एवं अनुशंसाओं के साथ विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी। यह वार्षिक ऑडिट सीआईएसएफ यूनिट की अग्नि सुरक्षा तैयारियों, उपलब्ध संसाधनों की कार्यक्षमता और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की क्षमता को और मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
