— सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2026 के तहत निबंध, संवाद, कला, कविता एवं संगीत प्रतियोगिता आयोजित
— 108 बच्चों ने लिया भाग, 40 विजेताओं को किया गया पुरस्कृत
बीजपुर (सोनभद्र)। सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2026 के अंतर्गत एनटीपीसी रिहंद के सतर्कता विभाग की ओर से हंसवाहिनी पब्लिक स्कूल बीजपुर में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन कराया गया। इसमें निबंध, संवाद, कला, कविता एवं संगीत प्रतियोगिताओं के माध्यम से कुल 108 छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। शुक्रवार को आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में प्रतियोगिताओं के 40 विजेता बच्चों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। वहीं एलकेजी से कक्षा तीन तक के 41 नन्हे प्रतिभागियों को भी उनकी सहभागिता के लिए सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में एनटीपीसी रिहंद के अपर महाप्रबंधक बृजेश कुमार यादव ने बच्चों को सतर्कता एवं जागरूकता का महत्व समझाया। उन्होंने सड़क पर चलते समय यातायात नियमों का पालन करने तथा दीपावली के दौरान पटाखे जलाते समय विशेष सावधानी बरतने की सीख दी। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी सावधानियां अपनाकर बड़ी दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है। बच्चों को अपने दैनिक जीवन में भी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

विद्यालय की प्रधानाचार्य दुर्गावती गुप्ता ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से बच्चों की रचनात्मक क्षमता, आत्मविश्वास एवं जागरूकता का विकास होता है।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से रघुराज सिंह, रामबली मिश्रा, प्रियांशु, विनोद, ब्रह्मानंद, विजय कुमार सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
