— कई प्रांतों से पहुंचे भक्तों ने करीब 170 सीढ़ियां चढ़कर टेका मत्था
— संकल्प फ्रेंड्स क्लब की ओर से दिनभर कराया गया महाप्रसाद वितरण
— सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तीन थानों की पुलिस रही तैनात
बीजपुर (रामजियावन गुप्ता)। मोटकी मुकुट पहाड़ी पर स्थित हनुमान जी के मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए रविवार को हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। पहाड़ी की ऊंचाई पर विराजमान बजरंगबली के दर्शन के लिए भक्त करीब 170 सीढ़ियां चढ़कर मंदिर पहुंचते हैं। यहां सोनभद्र सहित कई प्रांतों से श्रद्धालु दर्शन-पूजन करने आते हैं। मान्यता है कि सच्चे मन से मांगी गई मुराद पूरी होने पर श्रद्धालु मंदिर के नीचे रोट और नारियल चढ़ाकर अपनी मनौती पूरी करते हैं।

मंदिर परिसर में संकल्प फ्रेंड्स क्लब समिति की ओर से दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं के लिए पूरे दिन महाप्रसाद की व्यवस्था की गई थी। वहीं मंदिर के नीचे मेले जैसा नजारा देखने को मिला। यहां नारियल, चुनरी, बर्तन, खिलौने, मिठाई, चाय और नाश्ते सहित विभिन्न सामानों की दुकानें सजी रहीं। सुबह से देर शाम तक हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने से पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना रहा।

मंदिर कमेटी के अध्यक्ष राजेश्वर सिंह के नेतृत्व में अजय सिंह, मान सिंह गोंड़ ब्लाक प्रमुख म्योरपुर, संजय धुर्वे, शिव कुमार सिंह, संजय द्विवेदी सहित समिति के सदस्य श्रद्धालुओं की सेवा और व्यवस्था में जुटे रहे।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और यातायात व्यवस्था को देखते हुए शाम तक बीजपुर-बैढ़न मोड़ और नधिरा मोड़ पर भारी वाहनों का आवागमन रोक दिया गया था। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर सी ओ दुद्धि विनय प्रभाकर साहनी,प्रभारी निरीक्षक बीजपुर अविनाश कुमार सिंह, थानाध्यक्ष म्योरपुर,थानाध्यक्ष बभनी के साथ सभी थानों की पुलिस के साथ अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहा।
