कोन/सोनभद्र (आनन्द जायसवाल) कोन थाना क्षेत्र के चेरवाडीह में युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने दो नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, केवाल पीपरखाड़ निवासी ललित तिवारी के पुत्र नीतेश तिवारी छह अक्टूबर 2026 को अपनी बहन के घर चेरवाडीह आए थे। आरोप है कि बहन के पड़ोसी रामजनम जायसवाल के पुत्र आनंद उर्फ सोनू तथा सुरेंद्र पासवान के पुत्र लोकेश पासवान ने करीब 20 दिन पहले नीतेश के साथ मारपीट की थी और जान से मारने व गंभीर मुकदमे में फंसाने की धमकी दी थी।
तहरीर में आरोप लगाया गया है कि छह अक्टूबर को दोनों ने नीतेश के साथ मारपीट कर उन्हें गंभीर अवस्था में सड़क पर छोड़ दिया। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोन ले गए, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।
मृतक के पिता की तहरीर पर कोन पुलिस ने आठ अक्टूबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक शिवप्रकाश यादव को सौंपी गई है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
चेरवाडीह में युवक की मौत के मामले मे दो नामजद हत्या का मुकदमा दर्ज