सोनभद्र

बीजपुर में मुकुट पूजन और नारद मोह के मंचन के साथ रामलीला का शुभारंभ

—– पूर्व विधायक हरिराम चेरो और समाजसेवी रामाज्ञा सिंह ने फीता काटकर किया उद्घाटन, राम विवाह के दिन पांच निर्धन जोड़ों का होगा विवाह
बीजपुर (रामजियावन गुप्ता)। बीजपुर बाजार स्थित सब्जी मंडी में शुक्रवार को मुकुट पूजन एवं नारद मोह की लीला के मंचन के साथ रामलीला का भव्य शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि दुद्धी के पूर्व विधायक हरिराम चेरो तथा विशिष्ट अतिथि समाजसेवी रामाज्ञा सिंह ने अन्य अतिथियों के साथ फीता काटकर और मुकुट पूजन कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।
वृंदावन से आए भक्त चरित्र सेवा संस्थान श्रीधाम वृंदावन के श्री बांके बिहारी रासलीला एवं रामलीला संस्थान के व्यास वीरेंद्र तिवारी और कलाकारों ने रामलीला के प्रथम दिन नारद मोह प्रसंग का शानदार मंचन किया। कलाकारों की प्रस्तुति ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं और दर्शकों ने लीला का आनंद लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि हरिराम चेरो और विशिष्ट अतिथि रामाज्ञा सिंह ने कहा कि जब धरती पर पाप और दुराचार बढ़ता है, तब भगवान किसी न किसी रूप में अवतार लेकर अधर्म का नाश और धर्म की स्थापना करते हैं। भगवान श्रीराम का जीवन हमें सत्य, मर्यादा, त्याग और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा देता है। रामलीला केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि आदर्श जीवन जीने की सीख देने वाला धार्मिक आयोजन भी है।
उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम के आदर्श चरित्र, माता सीता की ममता, भरत, लक्ष्मण और शत्रुघ्न के भ्रातृ प्रेम तथा हनुमान जी की भक्ति से प्रत्येक व्यक्ति को प्रेरणा लेनी चाहिए। इन आदर्शों को अपने जीवन में अपनाकर समाज में प्रेम, सद्भाव और धर्म की भावना को मजबूत किया जा सकता है।
रामलीला कमेटी के अध्यक्ष बृज किशोर गुप्त ने बताया कि विगत वर्षों की परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी 20 अक्टूबर तक रामलीला का मंचन किया जाएगा और 19 अक्टूबर को कन्या पूजन के साथ विशाल भंडारे का आयोजन किया गया हैं। इसके साथ ही राम विवाह के दिन कमेटी की ओर से पांच निर्धन वर-वधुओं का विवाह कराया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों की सहायता करना

और सामाजिक सेवा की भावना को बढ़ावा देना है।
इस अवसर पर सुरेंद्र अग्रहरि, लल्लन सिंह, उपेंद्र सिंह, देवधारी गुप्ता, गौतम वर्मा, यशवंत सिंह, इंद्रदेव, वीरेंद्र गुप्ता, सतवंत सिंह और सीताराम शर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। वहीं रविंद्र गुप्ता, विजेंद्र सिंह, विनोद गर्ग, हेमंत साव, संतोष यादव, जयप्रकाश पांडेय, राजवीर गुप्ता और युवराज गुप्ता सहित कमेटी के सदस्यों ने सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी संभाली। कार्यक्रम का सफल संचालन शिक्षक धनंजय शर्मा ने किया।

SBN Live