सोनभद्र

नवरात्रि में मीट-मांस, मछली की बिक्री पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध: थाना प्रभारी

— विहिप पदाधिकारियों से शिष्टाचार मुलाकात में प्रभारी निरीक्षक अविनाश सिंह ने दिया आश्वासन, आदेश का उल्लंघन करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

बीजपुर (रामजियावन गुप्ता)। आगामी नवरात्रि पर्व को देखते हुए क्षेत्र में शांति, सौहार्द एवं सुव्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारियों ने शुक्रवार को बीजपुर थाना प्रभारी अविनाश सिंह से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान नवरात्रि के समय प्रखंड क्षेत्र में मीट-मांस, मुर्गे एवं मछली की दुकानों को बंद रखने सहित क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई।
मुलाकात के दौरान विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री उपेंद्र प्रताप सिंह, प्रखंड अध्यक्ष यशवंत सिंह, प्रखंड मंत्री प्रकाश चंद्र विश्वकर्मा एवं बजरंग दल के प्रखंड संयोजक मनीष यादव ने आगामी नवरात्रि पर्व की धार्मिक आस्था एवं मर्यादा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग रखी। पदाधिकारियों ने क्षेत्र की अन्य समस्याओं से भी थाना प्रभारी को अवगत कराया।
इस पर थाना प्रभारी अविनाश सिंह ने आश्वासन दिया कि नवरात्रि के दौरान क्षेत्र में मीट-मांस, मुर्गे एवं मछली की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। उन्होंने कहा कि यदि कोई भी दुकानदार प्रतिबंध संबंधी आदेश का उल्लंघन करते हुए पाया जाता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

SBN Live