सोनभद्र

मिशन शक्ति फेज-6: शिक्षिका, महिला डॉक्टर और मेधावी छात्राओं को किया सम्मानित

महिलाओं और बालिकाओं को हेल्पलाइन नंबरों व सरकारी योजनाओं की दी गई जानकारी

म्योरपुर /सोनभद्र(विकास अग्रहरि)

मिशन शक्ति फेज-6 के तहत थाना म्योरपुर परिसर में सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित कर प्रोत्साहित किया गया। थानाध्यक्ष जितेंद्र सरोज और मिशन शक्ति टीम ने महिला शिक्षिकाओं, महिला डॉक्टरों, स्टाफ नर्सों एवं मेधावी छात्राओं को उनके विशिष्ट और सराहनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया।
इस दौरान महिलाओं और बालिकाओं को महिला सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव तथा विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। इनमें महिला हेल्पलाइन 1090, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, स्वास्थ्य सेवाओं के लिए 102 व 108, महिला हेल्पलाइन 181, आपातकालीन सेवा 112, अग्निशमन सेवा 101 और साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 शामिल हैं।

मिशन शक्ति टीम ने महिलाओं को केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी विस्तार से बताया। इसमें मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, सामूहिक विवाह योजना, ग्रामीण आवास योजना, महिला पेंशन योजना और वृद्धावस्था पेंशन योजना की जानकारी दी गई। साथ ही बालश्रम, बाल विवाह और घरेलू हिंसा जैसी सामाजिक बुराइयों के प्रति जागरूक करते हुए इनके खिलाफ आवाज उठाने और जरूरत पड़ने पर संबंधित हेल्पलाइन की सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना, महिला सुरक्षा को मजबूत बनाना तथा समाज में सराहनीय योगदान देने वाली महिलाओं का उत्साहवर्धन करना रहा।
इस दौरान कांस्टेबल अनूप मौर्य एवं महिला कांस्टेबल सोनम सहित मिशन शक्ति टीम मौजूद रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

SBN Live