म्योरपुर /सोनभद्र(विकास अग्रहरि)
म्योरपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत रनटोला में मंगलवार को पशु आरोग्य शिविर एवं मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मंत्रोच्चार के साथ गौ माता की पूजा-अर्चना कर की गई। अनिमेश चौबे एवं प्रशांत दुबे ने पूजा संपन्न कराई। इसके बाद उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. रुद्रेश यादव ने अतिथियों का स्वागत किया।
उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री सुभाष खरवार ने पशुपालकों से पशुओं की आमदनी का सदुपयोग करने और उनकी बेहतर देखभाल करने की अपील की। ब्लॉक प्रमुख (प्रशासक) मानसिंह गोंड ने कहा कि माता-पिता और गौ माता की सेवा से बढ़कर कोई सेवा नहीं है। उन्होंने पशुओं के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने की बात कही।
जिला पंचायत सदस्य जनकधारी गोंड ने गीत के माध्यम से लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया। उन्होंने बताया कि वह अपनी आय से 25 सूअरों का पालन कर रहे हैं। डॉ. विनोद सिन्हा ने सूअर पालन सहित सरकार की विभिन्न पशुपालन योजनाओं की जानकारी दी।
शिविर के अंत में पशुपालकों को पशु चिकित्सकों के माध्यम से निशुल्क दवाएं वितरित की गईं।
इस मौके पर डॉ. तरुण, डॉ. ऋषि भास्कर, लोकनाथ यादव, जितेंद्र, बृजेश, अशोक दुबे, ग्राम प्रधान दिनेश जायसवाल, रामचंद्र दुबे (महागुरु), प्रशांत दुबे सहित जयनाथ, आनंददेव, रामानंद, गोविंद, सुनील, राजदेव, सोनू, राजकुमार, छोटेलाल समेत अन्य पशुपालक मौजूद रहे।
