सोनभद्र

25 हजार के इनामी अभियुक्त डॉक्टर को पुलिस ने कस्टडी रिमांड पर लिया,

अस्पताल से बरामद हुए घटना में प्रयुक्त चिकित्सकीय उपकरण

कस्टडी रिमांड पर लेकर कोन पुलिस ने की कार्रवाई, छह प्रकार के उपकरण बरामद

कोन/सोनभद्र।(आनन्द जायसवाल)
कोन थाना पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त डॉ. नसीम अहमद को कस्टडी रिमांड पर लेकर घटना में प्रयुक्त चिकित्सकीय उपकरण बरामद किए हैं। पुलिस ने बुधवार को अभियुक्त की निशानदेही पर कोन कस्बा स्थित ग्लोबल हॉस्पिटल से छह प्रकार के उपकरण बरामद किए। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद अभियुक्त को पुनः जिला कारागार घुरमा भेजने के लिए रवाना कर दिया गया।

*न्यायालय में हाजिर होने के बाद लिया गया रिमांड पर*

थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार मिश्रा ने बताया कि थाना कोन में 30 मई 2026 को मुकदमा अपराध संख्या 104/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं और राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग अधिनियम (एनएमसी एक्ट) की धारा 34 में मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में ग्राम खरौंधी निवासी डॉ. नसीम अहमद पुत्र सरफुद्दीन को 25 हजार रुपये का इनामी अभियुक्त बताया गया था। अभियुक्त के न्यायालय में हाजिर होने के बाद मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम), सोनभद्र के आदेश पर उसे जिला कारागार घुरमा से कस्टडी रिमांड पर लाया गया।

*ग्लोबल हॉस्पिटल से छह उपकरण बरामद*

बुधवार, 14 अक्टूबर को कोन थाना पुलिस की टीम अभियुक्त को लेकर ग्लोबल हॉस्पिटल पहुंची। पुलिस के अनुसार, अभियुक्त की निशानदेही पर घटनास्थल से घटना में प्रयुक्त ऐलिस, मस्किटो, नीडल होल्डर, सीजर, ब्लेड होल्डर और चिमटी बरामद की गई। पुलिस ने बरामदगी की आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद अभियुक्त को दोबारा जिला कारागार घुरमा भेजने की प्रक्रिया पूरी की।

*पुलिस टीम में ये रहे शामिल*

बरामदगी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार मिश्रा, चकरिया चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक शिवप्रकाश यादव, हेड कांस्टेबल राम प्रवेश कुशवाहा और हेड कांस्टेबल सर्वेश यादव शामिल रहे।
पुलिस के अनुसार, अभियुक्त के विरुद्ध कोन थाने में वर्ष 2025 का मुकदमा अपराध संख्या 246/2025 भी दर्ज है। इसके अतिरिक्त वर्ष 2026 का मुकदमा अपराध संख्या 104/2026 भी उसके आपराधिक इतिहास में दर्ज है। मामले में पुलिस की ओर से आवश्यक विधिक कार्रवाई की गई है।

*आपरेशन के दौरान लापरवाही से हुई थी महिला मौत*

कोन स्थित ग्लोबल हॉस्पिटल एंड सर्जिकल सेंटर में डाक्टर की लापरवाही से मौत का आरोप लगाया गया था, आपरेशन के दौरान महिला की मौत हो गई थी।

SBN Live