डाला/सोनभद्र (जगदीश तिवारी) भए प्रगट कृपाला दीन दयाला, कौशल्या हितकारी के भजन पर श्रोता जमकर झूमे रामकथा के दौरान श्रीराम जन्म का वृतांत सुनकर श्रोता मंत्रमुग्ध हो गए और सैकड़ों भक्तों की भीड़ ने तन्मयता के साथ भगवान की लीलाओं का श्रवण किया।
श्री अचलेश्वर महादेव मंदिर के 59वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित पांच दिवसीय रुद्राभिषेक, नवाह्न पारायण यज्ञ एवं मानस प्रवचन के तीसरे दिन गुरुवार को संध्या बेला में सजावल पाठक,रामजानकी पांडेय , अवध बिहारी पांडेय, देवनाथ चंद्रवंशी समेत अन्य लोगों ने कथावाचक को माला पहनाकर शुभांरभ कराया। मानस प्रवचन में संत रामानुज वैष्णव दास महाराज ने कहा कि रामचरितमानस केवल भगवान श्रीराम के चरित्र का वर्णन नहीं है, बल्कि यह माता पार्वती के चौदह प्रश्नों और भगवान भोलेनाथ के उत्तरों की प्रश्नोत्तर श्रृंखला भी है। भगवान श्रीराम के चरित्र और गुणों को किसी एक ग्रंथ में पूरी तरह समाहित नहीं किया जा सकता, क्योंकि रामचरित अनंत है।रामचरित सत कोटि अपारा, यह अपार है, अनंत है उन्होंने बताया कि माता पार्वती ने जब भगवान भोलेनाथ से रामकथा के संबंध में प्रश्न किए, तो भगवान शिव के हृदय में श्रीराम की विभिन्न कथाएं एकत्र होती चली गईं। उन्होंने कहा कि माता पार्वती ने रामकथा पूछकर भगवान शिव पर बड़ा उपकार किया। रामकथा कहने वाला और श्रद्धापूर्वक सुनने वाला, दोनों धन्य होते हैं।रामकथा का संबंध केवल त्रेतायुग से नहीं है, बल्कि सतयुग, त्रेतायुग और द्वापर युग तक भगवान श्रीराम की लीलाओं का वर्णन मिलता है।भगवान राम के जन्म के अनेक कारण हैं। इन कारणों को समझने के लिए सतयुग की कथा का भी ज्ञान आवश्यक है।उन्होंने भगवान विष्णु के द्वारपाल जय-विजय के प्रसंग के वर्णन में बताया कि सनक, सनंदन, सनातन और सनतकुमार को वैकुंठ में प्रवेश से रोकने पर चारों ऋषियों ने जय-विजय को तीन जन्मों तक अहंकार की प्रतिमूर्ति बनने का श्राप दिया। इसके बाद जय-विजय ने पहले जन्म में हिरण्याक्ष और हिरण्यकशिपु, दूसरे जन्म में रावण और कुंभकर्ण तथा तीसरे जन्म में शिशुपाल और दंतवक्र के रूप में जन्म लिया।रावण का चरित्र अहंकार के दुष्परिणामों को समझाता है। वह विद्वान, शिवभक्त और शक्तिशाली होने के बावजूद अहंकार के कारण पतन की ओर बढ़ा रावण राक्षस नहीं अहंकारी था। रामचरितमानस की चौपाई का उल्लेख करते हुए कहा तपबल बिप्र सदा बरियारा, तिनके कोप न कोउ रखवारा।वाणी, ज्ञान और तप की महत्ता पर भी प्रकाश डाला।प्रवचन के दौरान श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से रामकथा का श्रवण किया। कथावाचक ने कहा कि रामकथा का श्रवण मनुष्य को मोह और जीवन की व्यथाओं से मुक्ति की दिशा में प्रेरित करता है।मानस परिवार समिति अध्यक्ष नीरज पाठक ने मानस प्रवचन में अधिक से अधिक लोगों को आने की अपील किया।इस दौरान मंदिर के महंत मुरली तिवारी, सचिव चंद्र प्रकाश तिवारी, चौकी प्रभारी संतोष कुमार सिंह, मनोज देव पांडेय, राजवंश चौबे, सुरेश सिंह, कृपाशंकर चौबे, ओमप्रकाश तिवारी आदि मौजूद रहे।
