सोनभद्र

गुरमा आदर्श रामलीला कमेटी की अनोखी पहल रामलीला मंच से गूंजी शहनाई

गुरमा/सोनभद्र (ओम प्रकाश गुप्ता) चुर्क गुरमा नगर पंचायत क्षेत्र स्थित गुरमा रामलीला रंगमंच पर आदर्श रामलीला कमेटी की ओर से सामाजिक सरोकार की अनूठी मिसाल पेश की गई। कमेटी ने दो जरूरतमंद कन्याओं का विवाह वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ संपन्न कराया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण राज्यमंत्री संजीव कुमार गौड़ सहित क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और सैकड़ों लोगों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देकर उनके सुखमय वैवाहिक जीवन की कामना की।समारोह में सतेशगढ़, मिर्जापुर निवासी अजय गौड़ का विवाह करमडाड़, सोनभद्र निवासी बचिया गौड़ के साथ संपन्न हुआ। वहीं, खैरपुर, सोनभद्र निवासी महेंद्र का विवाह बेलछ, सोनभद्र निवासी सोनी के साथ हुआ। विवाह की रस्में पूरी होने के बाद दोनों नवदंपतियों को उपहार स्वरूप साइकिल, बेड सेट, बक्सा, बर्तन, कपड़े और गृहस्थी में उपयोग होने वाली अन्य आवश्यक सामग्री प्रदान की गई। इसके साथ ही नकद राशि देकर उन्हें नए जीवन की शुरुआत करने में सहयोग दिया गया।
रामलीला मंच पर आयोजित इस विवाह समारोह में उत्साह और भावुकता का माहौल रहा। उपस्थित लोगों ने कमेटी की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि जरूरतमंद परिवारों की खुशियों में सहभागी बनना समाज के लिए प्रेरणादायक है। धार्मिक आयोजन के साथ सामाजिक जिम्मेदारी निभाने की इस पहल ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया।कार्यक्रम में मुख्य आयोजक एवं कमेटी अध्यक्ष गौतम यादव, राजकुमार मिश्रा, सत्यदेव पांडेय, मीनू चौबे, तेजधारी यादव, मुलायम सिंह यादव, अजय निषाद, नगर पंचायत चोपन के अध्यक्ष उस्मान अली और ओमप्रकाश बादल सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन चुर्क-गुरमा नगर पंचायत के पूर्व चेयरमैन सैयद कुरैशी ने अपनी मधुर वाणी और प्रभावशाली अंदाज में किया।
आदर्श रामलीला कमेटी की इस पहल ने धार्मिक परंपरा को सामाजिक सेवा से जोड़ते हुए दो जरूरतमंद परिवारों के लिए यादगार खुशियों का अवसर बनाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

SBN Live