आदिवासी वनवासी महासभा ने भेजा पत्र
म्योरपुर(सोनभद्र(विकास अग्रहरि)
जनपद के स्वतंत्रता संग्राम आंदोलन में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले अनेक आदिवासी स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों ने देश की आजादी के लिए जेल की सजा काटी, नजरबंदी झेली तथा आर्थिक दंड सहन किया। इसके बावजूद आज तक इन महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को उचित सम्मान एवं पहचान नहीं मिल सका। केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा आजादी का अमृत महोत्सव मनाए जाने के बावजूद सोनभद्र जनपद के इन आदिवासी स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की स्मृति में उनके गांवों में न तो प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं, न ही स्मारक बनवाए गए हैं और न ही उनके नाम पर प्रवेश द्वारों का निर्माण कराया गया है। ऐसी स्थिति में आदिवासी वनवासी महासभा और आल इंडिया पीपुल्स फ्रंट ने जनपद के झंगई पनिका, हरिवंश धांगर, विष्णु राम धांगर,
शंकर प्रसाद गोंड़, शिवनाथ प्रसाद गोंड़, सुखलाल खरवार, रामेश्वर खरवार, शनिचर राम खरवार जैसे आदिवासी नायकों की सूची मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भेज
उनके सम्मान और स्मृति को संरक्षित करने की मांग की है। इन स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के ऐतिहासिक योगदान को आधिकारिक मान्यता एवं उचित सम्मान देने, इनके गांवों में उनकी प्रतिमाएं स्थापित कराने तथा स्मारकों का निर्माण कराने, और गांवों के प्रमुख प्रवेश द्वारों का निर्माण उनके नाम पर कराने की मांग पत्रक में की गई है। ताकि आने वाली पीढ़ियां उनके बलिदान और संघर्ष से प्रेरणा ले सके। पत्रक आदिवासी वनवासी महासभा के प्रदेश अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद गोंड और आल इंडिया पीपुल्स फ्रंट के जिला प्रवक्ता इंद्रदेव खरवार ने भेजा।
