सोनभद्र

गोकुल धाम में भव्य देवी जागरण, रातभर भक्ति गीतों पर झूमे श्रद्धालु

मां जगदम्बा जागरण ग्रुप के कलाकारों ने भजनों से बांधा समां, राधा-कृष्ण और शिव-पार्वती की झांकियां बनीं आकर्षण का केंद्र

बीजपुर (रामजियावन गुप्ता)। श्री दुर्गा पूजा समिति गोकुल धाम में भव्य देवी जागरण का आयोजन श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ किया गया। मां के दरबार में आयोजित जागरण में सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। मां जगदम्बा जागरण ग्रुप के कलाकारों ने अपने भक्ति गीतों और मधुर प्रस्तुतियों से पूरी रात भक्तों को भक्ति रस में सराबोर रखा।

जागरण में कलाकार प्रियंका श्रीवास्तव, भोला वर्मा, ललित, प्रदीप, सुरेश और राहुल सहित अन्य कलाकारों ने एक से बढ़कर एक देवी भजनों की प्रस्तुति दी। ‘तूने मुझे बुलाया शेरावालिए’ जैसे लोकप्रिय भजन की प्रस्तुति पर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। दुर्गा पूजा पंडाल में देर रात तक भक्त भक्ति गीतों पर झूमते रहे और मां दुर्गा के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

आकर्षक झांकियों ने मोहा मन

देवी जागरण के दौरान राधा-कृष्ण, कृष्ण-सुदामा और शिव-पार्वती की आकर्षक झांकियां प्रस्तुत की गईं। झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। कार्यक्रम में धार्मिक आस्था, उत्साह और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा के दरबार में मत्था टेककर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

समिति के पदाधिकारियों सहित सैकड़ों श्रद्धालु रहे मौजूद

कार्यक्रम में श्री दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष बब्बन ठाकुर, उपाध्यक्ष शुभम गुप्ता, महामंत्री विनोद चंद्रवंशी और कोषाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह सहित पवन श्रीवास्तव, नरेंद्र सिंह, रिशव सिंह, तुलसी पासवान, मनीष पासवान और विनोद ने पूरी रात भक्ति गीतों का आनंद लिया।

इस अवसर पर शिवधारी गुप्ता, संजय कुमार राय और धनंजय शर्मा सहित सैकड़ों की संख्या में महिलाएं, पुरुष और बच्चे मां के दरबार में उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

SBN Live