सोनभद्र

बनवासी सेवा आश्रम में तीन दिवसीय युवा नेतृत्व प्रशिक्षण का समापन

युवाओं ने संगठन मजबूत करने और ग्राम सभा को सशक्त बनाने का लिया संकल्प

म्योरपुर/सोनभद्र(विकास अग्रहरि)

म्योरपुर ब्लॉक के गोविंदपुर स्थित सामाजिक संस्था बनवासी सेवा आश्रम में शनिवार को तीन दिवसीय युवा नेतृत्व प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन हुआ। समापन सत्र में आश्रम की मंत्री शुभा प्रेम बहन जी ने युवाओं को संबोधित करते हुए उन्हें गांव की समस्याओं के समाधान, संगठन की मजबूती और ग्राम सभा को सशक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। प्रशिक्षण के अंत में युवाओं ने अपने-अपने गांवों में संगठन को मजबूत करने और सामूहिक प्रयासों से स्थानीय समस्याओं का समाधान करने का संकल्प लिया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूक करना, स्थानीय समस्याओं की पहचान करना तथा उनके समाधान के लिए आवश्यक जानकारी और कौशल प्रदान करना था। इसके लिए विभिन्न गतिविधियों, सामूहिक चर्चाओं और सहभागितापूर्ण अभ्यासों के माध्यम से युवाओं को नेतृत्व क्षमता विकसित करने का प्रशिक्षण दिया गया।
तीन दिवसीय कार्यक्रम के दौरान श्रमदान, व्यायाम, खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रम, नारा लगाने की गतिविधियां, प्राकृतिक प्रार्थना और सर्वधर्म प्रार्थना का आयोजन किया गया। इन गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को शारीरिक स्वास्थ्य, अनुशासन, आपसी सहयोग, सभी धर्मों के प्रति सम्मान और प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता का महत्व समझाया गया। साथ ही एकता, सामाजिक जागरूकता और सामूहिक भागीदारी की भावना को मजबूत करने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन विमल भाई एवं शुभा प्रेम बहन जी ने किया। विशेष वक्ता के रूप में ‘वी द पीपल अभियान’ से जुड़े धनंजय जी और राहुल जी ने युवाओं को संवैधानिक मूल्यों, संगठन निर्माण, ग्राम सभा की मजबूती तथा स्थानीय स्तर पर नेतृत्व की भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने युवाओं को गांव के विकास में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने और सामूहिक पहल के माध्यम से समस्याओं के समाधान के लिए आगे आने का संदेश दिया।
तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के संचालन एवं आयोजन में प्रदीप पांडेय, सौरभ कुमार, रमेश, जगमती बहन, कलेक्टर सहित अन्य साथियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
समापन अवसर पर युवाओं ने संकल्प लिया कि वे अपने गांवों में संगठन को मजबूत करेंगे, ग्राम सभा की बैठकों में सक्रिय भागीदारी निभाएंगे और स्थानीय समस्याओं की पहचान कर उनके समाधान के लिए सामूहिक प्रयास करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

SBN Live