सोनभद्र

प्रभु श्री राम ने ताड़का वध से शुरू किया था असुरों का संघार

डाला/सोनभद्र(जगदीश तिवारी)नगर क्षेत्र में सबसे ऊंची पहाड़ी पर विराजमान श्री अचलेश्वर महादेव मंदिर के 59 वें स्थापना दिवस पर आयोजित पांच दिवसीय मानस प्रवचन के चतुर्थ दिवस पर ताड़का ,सुबाहु वध व अहिल्या को तारने की मार्मिक कथा सून श्रोता भावविभोर हो उठे।मानस प्रवचन का शुभांरभ शिवम तिवारी ने राम दरबार व श्री रामचरितमानस कि आरती उतारकर किया। कथावाचक श्रीश रामानुज वैष्णव दास ने बताया कि प्रभु श्रीराम ने ताड़का और सुबाहु का वध कर असुरों के संहार की शुरुआत की थी। महर्षि विश्वामित्र के यज्ञ की रक्षा के लिए श्रीराम ने ताड़का, सुबाहु और उनकी सेना का संहार किया था। वहीं, मारीच को बिना फल वाले बाण से प्रहार कर सौ योजन दूर समुद्र पार पहुंचा दिया था। उन्होंने कहा कि त्रेतायुग में असुरों के संहार में मारीच की भूमिका आगे भी शेष थी। इसी कारण श्रीराम ने उसका वध नहीं किया, बल्कि बाण के प्रहार से समुद्र पार दूर पहुंचाकर जीवित छोड़ दिया प्रभु श्रीराम का अवतार धरती से असुरों का नाश करने और धर्म की स्थापना के लिए हुआ था। इसी उद्देश्य से राम और लक्ष्मण ने ताड़का वध से असुरों के संहार की शुरुआत की। महर्षि विश्वामित्र ने अपने सानिध्य में राम और लक्ष्मण को अनेक अस्त्र-शस्त्रों की शिक्षा दी। गुरु वशिष्ठ के आश्रम में मिली शिक्षा के अतिरिक्त उन्होंने दोनों भाइयों को कई महत्वपूर्ण विद्याओं से परिचित कराया। अयोध्या से जाते समय जाने घनघोर जंगल से गुजरते हुए विश्वामित्र ने उन्हें विभिन्न वनस्पतियों और वन औषधियों की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि महर्षि विश्वामित्र युगद्रष्टा थे। उन्हें ज्ञात था कि आने वाले समय में राम और लक्ष्मण को वर्षों तक वन में रहना पड़ेगा। इसी को ध्यान में रखकर उन्होंने दोनों भाइयों को जंगल में उपलब्ध ऐसी वनस्पतियों के बारे में बताया, जिनसे पोषण प्राप्त किया जा सकता था। रामकथा के दौरान अहिल्या उद्धार का प्रसंग सुनकर श्रोता भाव-विभोर हो उठे। कथा के बीच-बीच में कथावाचक द्वारा प्रसंगों के अनुरूप भजनों की प्रस्तुति दी गई।इस दौरान मंदिर के महंत मुरली तिवारी,मानस परिवार समिति अध्यक्ष नीरज पाठक,ओमप्रकाश शर्मा, चोपन नपं अध्यक्ष उस्मान अली, निषाद पार्टी के जिलाध्यक्ष अनिकेत निषाद, सुखनंदन चौरसिया, व्यापार मंडल अध्यक्ष मुकेश जैन आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

SBN Live