सोनभद्र

विशाल इंग्लिश एकेडमी में डांडिया की धूम, मां दुर्गा के महिषासुर वध का मनमोहक मंचन

थाना प्रभारी अखिलेश कुमार मिश्रा ने महिला सुरक्षा व साइबर अपराध के प्रति किया जागरूक, ब्लॉक प्रमुख रूबी मिश्रा ने बच्चों को दिया शिक्षा और संस्कार का संदेश

कोन/सोनभद्र।(आनन्द जायसवाल)
नवरात्रि के पावन अवसर पर विशाल इंग्लिश एकेडमी में नारी शक्ति एवं आदिशक्ति को समर्पित डांडिया सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि कोन ब्लॉक प्रमुख श्रीमती रूबी मिश्रा एवं विशिष्ट अतिथि थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार मिश्रा ने मां सरस्वती और मां दुर्गा के चित्र के समक्ष विधिवत पूजा-अर्चना कर किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने मां दुर्गा द्वारा महिषासुर वध का मनमोहक मंचन कर उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया। इसके साथ ही बच्चों ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर खूब तालियां बटोरीं। डांडिया की आकर्षक प्रस्तुतियों के माध्यम से नारी शक्ति और भारतीय संस्कृति का संदेश दिया गया।

मुख्य अतिथि रूबी मिश्रा ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए शिक्षा के साथ अच्छे संस्कारों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को बेहतर शिक्षा देने तथा उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करने की अपील की।
वहीं, विशिष्ट अतिथि थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार मिश्रा ने पुलिस टीम के साथ महिला सुरक्षा, नारी शक्ति और साइबर अपराध के प्रति लोगों को जागरूक किया। उन्होंने महिला हेल्पलाइन नंबर 181 और साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 की जानकारी देते हुए इनके उपयोग के बारे में विस्तार से बताया। इस दौरान जागरूकता संबंधी पोस्टर भी वितरित किए गए।

कार्यक्रम में एकेडमी के प्रबंधक लक्ष्मी कुमार जायसवाल, प्रधानाचार्य दिनेश कुमार गुप्ता, व्यापार मंडल अध्यक्ष विजय शंकर जायसवाल, संजय त्रिपाठी, शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों और नारी शक्ति के संदेश के साथ कार्यक्रम उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

SBN Live