भजन, शंखनाद व नृत्य प्रतियोगिता और रामायण मंचन ने मोहा मन, नवमी पर हवन-कन्या पूजन के बाद विशाल भंडारा
बीजपुर (रामजियावन गुप्ता)। एनटीपीसी परिसर स्थित रिहंदेश्वर महादेव मंदिर में शारदीय नवरात्र महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। नौ दिवसीय महोत्सव के दौरान भजन संध्या, शंखनाद प्रतियोगिता, नृत्य प्रतियोगिता और रामायण मंचन सहित विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। नवमी के पावन अवसर पर हवन, कन्या पूजन और सनातन धर्म ध्वजा की स्थापना के बाद विशाल भंडारा आयोजित हुआ, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने पहुंचकर महाप्रसाद ग्रहण किया।
17 अक्टूबर को लखनऊ से आए अग्निहोत्री बंधुओं की भजन प्रस्तुतियों ने मंदिर परिसर को भक्तिमय बना दिया। इस दौरान आयोजित शंखनाद प्रतियोगिता में अपर महाप्रबंधक ब्रजेश कुमार यादव ने प्रथम तथा मानव संसाधन विभाग के अमित केसरी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। मुख्य अतिथि एवं परियोजना प्रमुख, कार्यकारी निदेशक संजय असाटी ने विजेताओं को पुरस्कृत किया।

18 अक्टूबर को आयोजित नृत्य प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने आकर्षक प्रस्तुतियों से दर्शकों की खूब सराहना बटोरी। मुख्य अतिथि संजय असाटी और महिला मंडल की अध्यक्षा नीलू असाटी ने प्रतिभागियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। इसके साथ ही विभिन्न धार्मिक प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी पुरस्कृत किया गया।
महोत्सव का प्रमुख आकर्षण लखनऊ से आए कलाकारों द्वारा प्रस्तुत रामायण मंचन रहा। कलाकारों ने नारद, रावण और भगवान श्रीराम के पात्रों का प्रभावशाली अभिनय कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उपस्थित अतिथियों ने कलाकारों के अभिनय और मंचन की सराहना की।
नवमी के पावन अवसर पर विधि-विधान से हवन और कन्या पूजन किया गया। इसके साथ ही सनातन धर्म ध्वजा की स्थापना की गई। तत्पश्चात आयोजित विशाल भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया। परियोजना प्रमुख संजय असाटी एवं महाप्रबंधक हेमेश वार्ष्णेय स्वयं श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित करते रहे।

कार्यक्रम में महिला मंडल की अध्यक्षा नीलू असाटी, कीर्ति वार्ष्णेय, पूजा समिति के अध्यक्ष एन.एस. कोरंगा, महासचिव विजेंद्र कुमार मीना, मानव संसाधन विभाग के प्रमुख राजेश बोईपाई, मंदिर समिति के अध्यक्ष योगेश त्रिपाठी, उपाध्यक्ष आर.एन. वर्मा, बीएमएस के महामंत्री एस.एन. पाठक, मंदिर समिति के महासचिव प्रमोद द्विवेदी, उदय उपाध्याय, विजय गुप्ता, अनिल त्रिपाठी, सूरज प्रजापति और ईवा के महासचिव आशुतोष कुमार सिंह सहित एनटीपीसी के अनेक अधिकारी, कर्मचारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
मीडिया प्रभारी अनन्त मोहन ने बताया कि महोत्सव को सफल बनाने में मंदिर एवं पूजा समिति के सदस्यों तथा सहयोगियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
