डाला/सोनभद्र(जगदीश तिवारी)चोपन थाना क्षेत्र के कोटा गांव अंतर्गत जवारी डांड टोला में बीती रात एक दर्दनाक घटना सामने आई। यहां अपने ही घर के अंदर एक 15 वर्षीय किशोरी का संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटकता हुआ शव मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, जवारी डांड निवासी रविंद्र भारती की 15 वर्षीय बेटी सपना कुमारी जो कक्षा 9 की छात्रा थी का शव सोमवार की भोर में घर के कमरे के अंदर लगे बड़ेर में दुपट्टे के सहारे लटकता हुआ मिला। मृतका के चाचा छवि नाथ भारती ने बताया कि बीती रात परिवार के सभी लोग खाना खाने के बाद अपने-अपने कमरों में सोने चले गए थे। सोमवार की भोर में जब परिजनों की नजर सपना के कमरे की ओर गई, तो उसका शव फांसी के फंदे पर झूलता हुआ दिखाई दिया। यह दृश्य देखकर परिजनों के होश उड़ गए और उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर एकत्र हो गए।बता दें कि रविंद्र भारती की दो बेटियां थीं, जिनमें बड़ी बेटी सपना 15 वर्ष कक्षा 9 में पढ़ती थी, तथा छोटी बेटी की उम्र लगभग 10 वर्ष है।घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और चोपन थाने की पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और मामले की गहनता से जांच-पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को फंदे से नीचे उतरवाया और कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लोढ़ी स्थित जिला अस्पताल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा, जिसके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
घर के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में मिला 15 वर्षीय किशोरी का शव, मचा कोहराम
