बीजपुर क्षेत्र में मंदिरों और पूजा पंडालों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, धार्मिक झांकियों ने मोहा मन
बीजपुर (रामजियावन गुप्ता)। जरहा न्याय पंचायत सहित बीजपुर क्षेत्र के विभिन्न ग्रामीण अंचलों में शारदीय नवरात्र का समापन हवन, कन्या पूजन और विशाल भंडारे के साथ श्रद्धा एवं भक्तिभाव से किया गया। इस दौरान एक जोड़े का विवाह भी संपन्न कराया गया। नौ दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान के अंतिम दिन मंदिरों और पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना रहा।

दुदहिया माता मंदिर, एनटीपीसी आवासीय परिसर, डोडहर सहित विभिन्न स्थानों पर सजे पूजा पंडालों में विराजमान मां दुर्गा एवं अन्य देवी-देवताओं के दर्शन-पूजन के लिए सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा। श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

नवरात्र के अंतिम दिन मंदिरों और पूजा पंडालों में विधि-विधान से विशेष पूजा-अर्चना के बाद हवन किया गया। इसके उपरांत कन्याओं को देवी स्वरूप मानकर उनका पूजन किया गया और उन्हें भोजन कराने के साथ दक्षिणा एवं उपहार भेंट किए गए। विभिन्न स्थानों पर आयोजित विशाल भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। वहीं, कहीं देवी जागरण तो कहीं राधा-कृष्ण और शिव-पार्वती की आकर्षक झांकियों ने दर्शकों का मन मोह लिया।
बेड़ियां हनुमान मंदिर के पुजारी आचार्य अनूप शुक्ला ने कहा कि मां जगदंबा की विधि-विधान और सच्चे मन से आराधना करने वाले भक्तों को मां का आशीर्वाद प्राप्त होता है। उन्होंने कहा कि नवरात्र का पर्व श्रद्धा, भक्ति, संयम और धार्मिक आस्था का प्रतीक है।

इस अवसर पर लल्लन सिंह, गौतम, इंद्रदेव सिंह, शिवधारी गुप्ता, परशुराम पाल, धनंजय शर्मा, सुधा देवी, शांति, ममता और आरती सहित सैकड़ों महिला-पुरुष एवं बच्चे मौजूद रहे।
वहीं, सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए बीजपुर के प्रभारी निरीक्षक अविनाश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ क्षेत्र में लगातार भ्रमण करते रहे। धार्मिक आयोजन शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुए।
