सोनभद्र (विकास द्विवेदी) राबर्ट्सगंज स्थित नवीन मंडी समिति में सोमवार की रात करीब 11 बजे लगी भीषण आग से लगभग 14 दुकानें जलकर राख हो गईं। अग्निकांड में व्यापारियों की सब्जी, फल समेत बड़ी मात्रा में सामान जलने से भारी नुकसान हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष डा धर्मवीर तिवारी, अरविंद पांडेय, मनीष अग्रहरि और योगेश सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने फायर ब्रिगेड को बुलवाकर आग बुझाने के प्रयासों में सहयोग किया।
भाजपा नेताओं ने दोबारा मंडी समिति पहुंचकर पीड़ित व्यापारियों से मुलाकात की और मंडी सचिव से बातचीत कर नुकसान का आकलन कराने की मांग की। इस दौरान प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा को भी अग्निकांड से अवगत कराया गया। मंत्री ने तत्काल जिलाधिकारी से बातचीत कर पीड़ित व्यापारियों को मुआवजा दिलाने की दिशा में कार्रवाई करने की बात कही। साथ ही आश्वासन दिया कि प्रभावित व्यापारियों को नियमानुसार मिलने वाले लाभ उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. धर्मवीर तिवारी ने कहा कि नवीन मंडी समिति के व्यापारियों के साथ पूरी भारतीय जनता पार्टी और सरकार खड़ी है। किसी भी पीड़ित व्यापारी को राहत दिलाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। उन्होंने कहा कि अग्निकांड में हुए नुकसान की भरपाई के लिए अधिकतम क्षतिपूर्ति दिलाने का प्रयास किया जाएगा। इस संबंध में मंडी सचिव से तत्काल सर्वे कराकर रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजने के लिए कहा गया है। उन्होंने कहा कि त्योहार और व्यापार के व्यस्त सीजन में व्यापारियों को इस तरह का नुकसान होना बेहद पीड़ादायक है। आग में फल और सब्जियों समेत व्यापारियों का बड़ी मात्रा में सामान नष्ट हुआ है, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। ऐसे में नुकसान का सही आकलन कराकर पीड़ितों को राहत दिलाना प्राथमिकता है। इस दौरान शिवकुमार सोनकर, भोला सोनकर, सतीश सोनकर, अनिल सोनकर समेत दर्जनों लोग मौजूद रहे।
सपा नेता व पूर्व विधायक ने फायर ब्रिगेड की देरी पर उठाए सवाल
समाजवादी पार्टी के नेता एवं पूर्व विधायक अविनाश कुशवाहा भी नवीन मंडी समिति पहुंचे और अग्निकांड से प्रभावित व्यापारियों से मुलाकात कर उनका दर्द सुना। उन्होंने कहा कि यदि फायर ब्रिगेड की टीम समय से मौके पर पहुंच जाती तो नुकसान को कम किया जा सकता था। उन्होंने दमकल टीम के देर से पहुंचने पर सवाल उठाते हुए कहा कि दशहरा जैसे महत्वपूर्ण पर्व के दौरान भी अग्निशमन सेवा की तत्परता पर सवाल खड़े होना गंभीर विषय है। उन्होंने घटना में हुए नुकसान और राहत व्यवस्था को लेकर जवाबदेही तय करने की जरूरत बताई।
