बीजपुर (सोनभद्र)। क्षेत्र के बीजपुर बाजार, मां दुधइया मंदिर, एनटीपीसी रिहंद, गोकुल धाम, सिरसोती, जरहा, पिंडारी, बकरिहवा, सेवका डाड़, महुली और लीला डेवा सहित विभिन्न ग्रामीण अंचलों में शारदीय नवरात्र के दौरान स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विधि-विधान से पूजन-अर्चन करने के बाद विसर्जन के लिए प्रस्थान किया गया। इस दौरान पूजा समितियों के पदाधिकारियों और श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा से सभी के सुख, शांति, समृद्धि और कल्याण की कामना की।

पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों के बाद मां दुर्गा की प्रतिमाओं को श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ रिहंद जलाशय तथा अंजीर नदी में विसर्जित किया गया। विसर्जन के दौरान बड़ी संख्या में पुरुष, महिलाएं और बच्चे शामिल रहे। श्रद्धालुओं ने नम आंखों से मां को विदाई दी। प्रतिमा विसर्जन के समय कई श्रद्धालु भावुक हो उठे और उनकी आंखें नम हो गईं।

विसर्जन से पूर्व पूजा समितियों के पदाधिकारियों ने मां दुर्गा से पूजा के दौरान हुई किसी भी भूल-चूक के लिए क्षमा प्रार्थना की। साथ ही अगले वर्ष पुनः आगमन की कामना करते हुए मां से क्षेत्र में सुख-समृद्धि और खुशहाली बनाए रखने की प्रार्थना की।
माँ की प्रतिमा विसर्जन में बृजकिशोर गुप्त, लल्लन सिंह, बग्गा सिंह, रविन्द्र गुप्ता, विनोद गर्ग,शिवधारी गुप्ता, परशुराम पाल, संतोष गुप्ता, गौतम वर्मा,इंद्रदेव सिंह,देवकुमार यादव के साथ साथ समिति के समस्त पदाधिकारी व सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर प्रभारी निरीक्षक अविनाश कुमार सिंह मय फोर्स मूर्तियो के विसर्जन में शामिल रहे।
