सोनभद्र

मानकविहीन सड़क निर्माण का आरोप, ग्रामीणों में नाराजगी, खुरचने पर उखड़ जा रही गिट्टी, ग्रामीणों ने जांच की उठाई मांग

मानकविहीन सड़क निर्माण का आरोप, ग्रामीणों में नाराजगी, खुरचने पर उखड़ जा रही गिट्टी, ग्रामीणों ने जांच की उठाई मांग

बभनी/सोनभद्र (अजित पांडेय) बभनी क्षेत्र के चपकी हथियार कन्हैयाडार मे ठेकेदार द्वारा कराए जा रहे सड़क निर्माण कार्य में मानकों की अनदेखी किए जाने का आरोप ग्रामीणों ने लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा जा रहा है, जिसके चलते निर्माण कार्य पूरा होने से पहले ही सड़क की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीण अर्जुन, राम सुभग, काशीराम, चेतनलाल समेत अन्य के मुताबिक सड़क को हल्का सा खुरचने पर ही उसकी पूरी गिट्टी उखड़कर बाहर निकल जा रही है। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि निर्माण में निर्धारित मानकों का कितना पालन किया जा रहा है। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर नाराजगी जताते हुए संबंधित विभाग के अधिकारियों से मौके पर जांच कराने की मांग की है।ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण में यदि इसी तरह लापरवाही बरती गई तो सड़क ज्यादा दिनों तक टिक नहीं पाएगी और जल्द ही टूटने लगेगी। इससे सरकारी धन के दुरुपयोग की भी आशंका जताई जा रही है।
ग्रामीणो ने जिलाधिकारी सहित संबंधित विभाग के अधिकारियों से सड़क निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कराकर गुणवत्ता की जांच कराने तथा मानक के अनुरूप कार्य सुनिश्चित कराने की मांग की है। इस बाबत संबंधित विभाग के अवर अभियंता से जरिए मोबाइल से संपर्क किया गया लेकिन उन्होंने फोन उठाना मुनासिब नहीं समझा जिससे उनका पक्ष नहीं लिया जा सका। अब देखना होगा कि ग्रामीणों की शिकायत के बाद संबंधित विभाग द्वारा मौके पर जांच कराकर सड़क निर्माण की गुणवत्ता की वास्तविक स्थिति सामने लाई जाती है या नही।

SBN Live