सोनभद्र

विजय के उल्लास के साथ म्योरपुर में मनाया गया दशहरा, रावण दहन के साथ पर्व संपन्न

रावण का पुतला जलते ही जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा खेल मैदान

म्योरपुर /सोनभद्र(विकास अग्रहरि)

म्योरपुर कस्बे के खेल मैदान में मंगलवार की शाम विजयादशमी का पर्व हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस दौरान रावण दहन का कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहा। रावण का पुतला जलते ही पूरा मैदान जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। लोगों ने बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक दशहरा पर्व को उत्साहपूर्वक मनाया।
रावण दहन देखने के लिए म्योरपुर कस्बे सहित आसपास के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में लोग खेल मैदान में पहुंचे। शाम होते ही मैदान में लोगों की भीड़ जुटने लगी। रावण दहन के दौरान बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों में खासा उत्साह देखने को मिला। पुतला जलने

के साथ ही लोगों ने जय श्रीराम के जयकारे लगाए और एक-दूसरे को विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं। पूरे कार्यक्रम के दौरान माहौल उत्सवमय बना रहा।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार, ब्लॉक प्रमुख मानसिंह गोंड़, सोना बच्चा अग्रहरी, लालता जायसवाल,दीपक सिंह, रामदेव तिवारी,गणेश जायसवाल, सुजीतअग्रहरि,श्रीरामलीला कमेटी के महाप्रबंधक सुनील अग्रहरी, अध्यक्ष मोनू जायसवाल, शनि सिंह, सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने दशहरा पर्व की शुभकामनाएं देते हुए बुराई पर अच्छाई की जीत के संदेश को आत्मसात करने की अपील की।

वहीं, सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए म्योरपुर थाना प्रभारी जितेंद्र सरोज पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त करते रहे। पुलिसकर्मियों ने भीड़ को नियंत्रित करते हुए शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था संभाली। पुलिस की मुस्तैदी के बीच रावण दहन का कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

SBN Live