सोनभद्र (विकास द्विवेदी) उत्तर प्रदेश विधान परिषद द्विवार्षिक निर्वाचन 2026 के तहत वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 23 अक्टूबर को होने वाले मतदान को देखते हुए मतदान करने वाले शिक्षकों एवं कर्मचारियों को विशेष आकस्मिक अवकाश स्वीकृत किया गया है। इस संबंध में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनंद पाण्डेय ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देश जारी किया है।
जारी पत्र के अनुसार जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी कार्यालय की ओर से जारी निर्देश के क्रम में उन सभी कर्मचारियों को मतदान दिवस पर विशेष आकस्मिक अवकाश दिया जाएगा, जो विश्वविद्यालय स्नातक निर्वाचन क्षेत्र तथा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के मतदाता हैं। यह अवकाश 23 अक्टूबर 2026 को अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए स्वीकृत किया गया है।
बीएसए ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को पत्र की प्रति भेजते हुए अपने स्तर से आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
