सोनभद्र

युवतियां राष्ट्रपति से प्रेरणा लेकर शिक्षा और आत्मनिर्भरता की ओर बढ़े – गुंजन नन्दा

बभनी/सोनभद्र (अजित पांडेय) बभनी क्षेत्र स्थित अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम से संबद्ध सेवा समर्पण संस्थान के सेवा कुंज आश्रम, कारीडाड़ चपकी में आयोजित दो दिवसीय युवती चेतना शिविर का रविवार को समापन हुआ। शिविर में युवतियों को शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा, अधिकारों ,साइबर सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक किया गया। वक्ताओं ने युवतियों से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से प्रेरणा लेकर अपने लक्ष्य निर्धारित करने और समाज में अपनी पहचान बनाने का आह्वान किया।

शिविर की मुख्य वक्ता एवं हिंदू जागरण मंच की केंद्रीय टीम की सदस्य गुंजन नन्दा ने कहा कि युवतियों को शिक्षित और आत्मनिर्भर बनने के साथ अपनी बात प्रभावी ढंग से रखने में सक्षम होना चाहिए। शिक्षा और कौशल विकास के माध्यम से वे अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनें तथा परिवार और समाज के विकास में सक्रिय भूमिका निभाएं।

शिविर के अंतिम सत्र में सभी युवतियों को संकल्प दिलाया गया कि वे शिक्षा, कौशल विकास, स्वास्थ्य, सुरक्षा और अधिकारों के प्रति स्वयं जागरूक रहेंगी। साथ ही परिवार, संस्कृति और अपनी भाषा के संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी निभाते हुए अपने गांव या क्षेत्र की कम से कम एक अन्य युवती को भी शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा के प्रति जागरूक करेंगी।

इस दो दिवसीय शिविर में चोपन, म्योरपुर और बभनी ब्लॉक की कुल 78 युवतियों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में देव नारायण खरवार, धनुकधारी सिंह, साधुचरण, व्यास मुनि यादव, शिव प्रसाद, राम प्रकाश पांडेय, अमर देव पांडेय, मिथिलेश और रत्ना विश्वास , रमाकांत सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

SBN Live