सोनभद्र

जनपद के 84 गांवों मे गूंजेगी टीकाकरण की अलख, एलईडी वैन रवाना

सोनभद्र (विकास द्विवेदी) जिले में बच्चों को संक्रामक बीमारियों से बचाने और नियमित टीकाकरण से वंचित बच्चों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने पहल तेज कर दी है। जीएवीआई जीरो डोज फेज दो कार्यक्रम के तहत टीका मित्र एलईडी वैन और ई रिक्शा की शुरुआत की गई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रमेश कुमार मिश्रा ने हरी झंडी दिखाकर दोनों वाहनों को रवाना किया। इनके माध्यम से गांव-गांव पहुंचकर अभिभावकों को टीकाकरण के प्रति जागरूक किया जाएगा और टीके की पहली खुराक से भी वंचित बच्चों की पहचान कर उन्हें स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ा जाएगा।
इस कार्यक्रम के तहत उत्तर प्रदेश के 60 जनपदों में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। सोनभद्र में विशेष रूप से चयनित 84 गांवों पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। एलईडी वैन और ई-रिक्शा के जरिए लोगों को बच्चों के समय पर टीकाकरण के महत्व, टीकों के लाभ और इससे जुड़ी भ्रांतियों के बारे में जानकारी दी जाएगी।अभियान का उद्देश्य नियमित टीकाकरण की पहली खुराक नहीं पाने वाले बच्चों के साथ ही निर्धारित टीकों की खुराक से छूटे बच्चों तक पहुंच बनाना है। ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में जागरूकता की कमी के कारण कई बार बच्चे टीकाकरण से वंचित रह जाते हैं। ऐसे में वाहनों के माध्यम से सीधे गांवों तक पहुंचकर अभिभावकों को जागरूक किया जाएगा, ताकि कोई भी बच्चा जरूरी टीकों से वंचित न रहे। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा रमेश मिश्रा ने कहा कि बच्चों को गंभीर संक्रामक बीमारियों से बचाने के लिए समय पर टीकाकरण बेहद जरूरी है। जीएवीआई जीरो डोज फेज दो कार्यक्रम के जरिए टीकाकरण से छूटे बच्चों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों का निर्धारित समय पर पूरा टीकाकरण कराने और अन्य परिवारों को भी जागरूक करने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

SBN Live