सोनभद्र (ओम प्रकाश गुप्ता) भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर भाकपा जिला कमेटी सोनभद्र की ओर से मतदाता सूची में कथित गड़बड़ी, विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया तथा लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक अधिकारों की रक्षा की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए राष्ट्रपति के नाम संबोधित पांच सूत्रीय ज्ञापन जिलाधिकारी सोनभद्र को सौंपा।
भाकपा जिला सह सचिव देव कुमार विश्वकर्मा के नेतृत्व में आयोजित धरने को संबोधित करते हुए पार्टी नेताओं ने कहा कि SIR प्रक्रिया के नाम पर किसी भी पात्र नागरिक को मताधिकार से वंचित करना लोकतंत्र के लिए गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि गरीबों, दलितों, आदिवासियों, महिलाओं और अन्य वंचित वर्गों के मताधिकार की सुरक्षा तथा मतदाता सूची में पारदर्शिता सुनिश्चित करना सरकार और निर्वाचन आयोग की जिम्मेदारी है।
*भाकपा की पांच सूत्रीय प्रमुख मांगें*
1. मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त किया जाए।
2. SIR के बाद मतदाता सूची से हटाए गए पात्र मतदाताओं के नाम तत्काल पुनः शामिल किए जाएं।
3. SIR प्रक्रिया पर रोक लगाकर मतदाता सूची का शीघ्र पुनरीक्षण कराया जाए।
4. मुख्य चुनाव आयुक्त की नियुक्ति की वर्तमान प्रणाली को वापस लेकर जनहित में नई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
5. लोकतंत्र, धर्मनिरपेक्षता, सामाजिक न्याय और स्वस्थ राजनीतिक मूल्यों की रक्षा की गारंटी दी जाए।
भाकपा नेताओं ने कहा कि मतदान का अधिकार लोकतंत्र की बुनियाद है। किसी भी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची से हटाया जाना उसके लोकतांत्रिक अधिकारों को प्रभावित कर सकता है। पार्टी ने कहा कि लोकतंत्र, संविधान और नागरिकों के मताधिकार की रक्षा के लिए उसका संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पार्टी के वरिष्ठ नेता कामरेड बसावन गुप्ता ने की, जबकि संचालन कामरेड अमरनाथ सूर्य ने किया।
**ये रहे उपस्थित**
धरना-प्रदर्शन में अमरनाथ सूर्य, बसावन गुप्ता, बीरबल कोल, रामचरितर कोल, लल्लू कोल, गीता देवी, इंदु भुइंया, रमेश भुइया, लक्ष्मण भुइया, सूरज बंसल, रामप्रसाद बंसल, अमरनाथ भारती, बनारसी भारती, अमरनाथ बिंद, प्रेमा गोंड, रामराज भारती, विष्णुकांति बंसल, मन्नू भारती, अमित कुमार बंसल, चंद्रशेखर बंसल, राजन बंसल और सुदेसरी कोल सहित बड़ी संख्या में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद रहे।
