बीजपुर (रामजियावन गुप्ता)। ग्राम सभा डोडहर में शुक्रवार को 71 कलशों के साथ निकाली गई भव्य शोभायात्रा के बीच सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ हुआ। इस दौरान पूरा गांव भक्तिमय माहौल में सराबोर नजर आया। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में पुरुषों, महिलाओं और कन्याओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कलश यात्रा आरडी दुबे के निवास स्थान से गाजे-बाजे के साथ प्रारंभ होकर इंटेक वेल तक पहुंची। श्रद्धालु कलश, नारियल और चुनरी लेकर यात्रा में शामिल हुए। इंटेक वेल पर जल भरने से पूर्व पंडितों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कराई। इसके बाद कलश में जल भरकर विधिवत स्थापना की गई।

कथा के मुख्य कथावाचक नागपुर से पधारे परम पूज्य पंडित नंदकिशोर पांडेय अपने मुखारविंद से 30 अक्टूबर से 5 नवंबर तक प्रतिदिन अपराह्न 3:30 बजे से शाम 7:30 बजे तक श्रीमद्भागवत कथा का रसपान कराएंगे। कलश यात्रा की अगुवाई कथावाचक पंडित नंदकिशोर पांडेय एवं मुख्य यजमान रुद्रदेव दुबे ने सपत्नीक की।
कार्यक्रम को सफल बनाने में रामजी दुबे, सुनील तिवारी, शिवकांति दुबे, भोले भगवान, विनय दुबे, राजेश दुबे सहित अन्य लोगों का सराहनीय सहयोग रहा।
