दुद्धी(मदनमोहन तिवारी) नगर पंचायत प्रशासन ने नगर में दीपावली व छठ पर्व के मद्देनजर साफ-सफाई को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। शनिवार को नगर पंचायत कार्यालय में प्रभारी ईओ एवं एसडीएम आकांक्षा गौतम की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में सफाई व्यवस्था को लेकर कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए गए। वहीं, सभासदों के साथ बैठक कर वार्डों की समस्याओं और उनके समाधान पर चर्चा की गई। बैठक के पूर्व चरण इन्होंने सफाईकर्मियों के साथ बैठक कर नगर के सभी वार्डों में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान किसी भी वार्ड में गंदगी नहीं दिखनी चाहिए। सफाई में लापरवाही या गंदगी की शिकायत मिलने पर संबंधित कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कूड़ा उठान और सार्वजनिक स्थलों की सफाई पर विशेष ध्यान देने को कहा। नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन सभी 11 वार्डों के सभासदों और राज्यपाल द्वारा नामित सभासदों के साथ बैठक सम्पन्न हुई। वार्डों में नाली, सड़क, सफाई और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं रखी गईं। एसडीएम ने सभासदों की ओर से बताई गई समस्याओं को गंभीरता से सुना और उन्हें नोट किया। मनोनीत सभासद पूजा चंद्रवंशी ने वार्ड छह सहित अन्य स्थानों पर कुछ दुकानदारों द्वारा दिनभर का कचरा सड़क पर फेंकने की शिकायत की। उन्होंने कहा कि इससे सड़क पर गंदगी फैलती है और त्योहार के दौरान व्रतधारी महिलाओं को परेशानी होती है। बैठक में प्रेम नारायण सिंह मोनू, धीरज जायसवाल, निरंजन गुप्ता, सुमित सोनी, धनंजय रावत, राकेश आजाद, शाहिद आलम सहित नगर पंचायत के सभी सभासद और अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
सफाई में लापरवाही की शिकायत मिलने पर संबंधित कर्मचारी के खिलाफ होगी कार्रवाई- आकांक्षा गौतम
