सोनभद्र

ग्राम स्वराज सम्मेलन में उठा महिला समानता और प्रदूषण का मुद्दा, बोले विशेषज्ञ- सोच बदलने से ही आएगा बदलाव

म्योरपुर /सोनभद्र(विकास अग्रहरि)

म्योरपुर विकास खंड के गोविंदपुर स्थित बनवासी सेवा आश्रम में रविवार को दो दिवसीय ग्राम स्वराज सम्मेलन का दीप प्रज्वलित कर उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम में महिला-पुरुष समानता, ग्राम पंचायतों की मजबूती, शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यावरण प्रदूषण जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई।
सम्मेलन के मुख्य अतिथि काशी विद्यापीठ के प्रोफेसर संजय कुमार, ब्लॉक प्रमुख मानसिंह गोंड, तीसरी सरकार के संयोजक डॉ. चंद्रशेखर प्राण और सर्व सेवा संघ के अध्यक्ष सतेंद्र कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की।
मुख्य अतिथि प्रो. संजय कुमार ने कहा कि शाश्वत विकास की राह में असमानता सबसे बड़ी बाधा है। स्त्री-पुरुष के बीच असमानता के कारण महिलाओं को दोयम दर्जे की स्थिति का सामना करना पड़ता है। समाज में बदलाव के लिए सबसे पहले सोच बदलने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि हिंसा किसी भी रूप में गलत है। पुरुषों को अपनी भूमिका समझनी चाहिए और महिलाओं को पूर्ण समानता का अधिकार मिलना चाहिए। घर के कामों में पुरुषों को भी बराबर हाथ बंटाना चाहिए। उन्होंने शिक्षा को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया।

आश्रम की प्रमुख शुभा प्रेम ने ग्राम स्वराज सम्मेलन की भूमिका रखते हुए अतिथियों का स्वागत किया। देव नाथ सिंह ने ग्राम पंचायतों को मजबूत बनाने के लिए आश्रम की ओर से किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं का संचालन गांव की निगरानी में होना चाहिए। इस दौरान उन्होंने एनजीटी के स्वास्थ्य संबंधी आदेशों की जानकारी भी दी।
सिंगरौली प्रदूषण मुक्ति वाहिनी के संयोजक रामेश्वर प्रसाद उर्फ जगत भाई ने एम्स भोपाल की रिपोर्ट का हवाला देते हुए प्रदूषण से होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि रिपोर्ट के अनुसार बिना बलगम वाली खांसी से 75.5 प्रतिशत, बलगम वाली खांसी से 73 प्रतिशत, खांसी में खून आने की शिकायत से 16.6 प्रतिशत, मसूड़ों में सूजन से 68.5 प्रतिशत, मसूड़ों से खून आने की समस्या से 67.9 प्रतिशत तथा त्वचा संबंधी समस्याओं से 34.6 प्रतिशत लोग प्रभावित हैं। उन्होंने बताया कि बच्चे शत-प्रतिशत धूल के संपर्क में हैं और 71 प्रतिशत बच्चे खांसी से पीड़ित हैं।
अरविंद अंजुम ने प्रदूषण के खिलाफ सामाजिक दायित्वों की जानकारी देते हुए कहा कि जितना लड़ पाएंगे, उतना ही बच पाएंगे। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया।

कार्यक्रम में डॉ. विभा, वीरेंद्र राय, युद्धेश, निलेश पासवान, उमेश चौबे, नीता, रामनारायण, रमेश यादव, रामचंद्र दुबे, मुरली श्याम तिवारी, यशवंत मिश्र, प्रशांत दुबे सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

SBN Live