सोनभद्र

राज्यमंत्री और एसपी ने किया यातायात जागरूकता माह का शुभारंभ, रैली निकालकर दिया सुरक्षित सफर का संदेश

सोनभद्र (विकास द्विवेदी) राबर्ट्सगंज के रामलीला मैदान में सोमवार को यातायात जागरूकता माह नवंबर का शुभारंभ राज्यमंत्री संजीव कुमार गोंड़ और पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सड़क सुरक्षा का संदेश दिया। राज्यमंत्री ने हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रैली रवाना की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राज्यमंत्री संजीव कुमार गोंड़ ने हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य प्रयोग, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, नशे में ड्राइविंग से बचने तथा यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाकर ही दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है। थोड़ी सी लापरवाही न केवल वाहन चालक बल्कि दूसरे लोगों की जिंदगी भी खतरे में डाल सकती है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों, छात्र-छात्राओं और नागरिकों को यातायात नियमों के पालन की शपथ दिलाई। नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत करने वाले विद्यालयों के शिक्षकों को शॉल, पुष्पगुच्छ और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। एसपी ने यातायात पुलिस को निर्देश दिया कि जागरूकता माह के दौरान विद्यालयों, प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर अभियान चलाकर लोगों को जागरूक किया जाए। साथ ही यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। एआरटीओ सुधा सिंह ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक होना बेहद जरूरी है। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें। परिवहन विभाग की ओर से पूरे माह जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक किया जाएगा।
कार्यक्रम में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी सुधा सिंह, सीओ नगर रणधीर कुमार मिश्रा, सीओ यातायात सुधीर कुमार सिंह, यातायात प्रभारी नरेंद्र सिंह, ट्रक एसोसिएशन के अध्यक्ष कमल किशोर सिंह सहित अन्य अधिकारी, शिक्षक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

SBN Live