सोनभद्र (विकास द्विवेदी) सेवा संकल्प अभियान के तहत बेसिक शिक्षा एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सदर विधायक भूपेश चौबे ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। बीएसए मुकुल आनंद पाण्डेय ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं साल भेंट कर स्वागत किया।
प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अपनी चित्रकला के माध्यम से विभिन्न सामाजिक एवं जनहित के विषयों को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया। निर्णायक मंडल द्वारा उत्कृष्ट चित्रों का चयन किया गया। प्रतियोगिता में कंपोजिट विद्यालय काचन, म्योरपुर के मुकेश कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कंपोजिट विद्यालय खैरही कला, चतरा की कनक तिवारी द्वितीय तथा कंपोजिट विद्यालय रौप, रॉबर्ट्सगंज की काजल तृतीय स्थान पर रहीं। सदर विधायक भूपेश चौबे ने कहा कि चित्रकला बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा और सोच को अभिव्यक्त करने का सशक्त माध्यम है। ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने और आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। घोरावल विधायक ने कहा कि बच्चों में छिपी प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें प्रोत्साहित करना शिक्षा व्यवस्था की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। चित्रकला जैसी गतिविधियां विद्यार्थियों में सृजनात्मकता और आत्मविश्वास बढ़ाती हैं।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच देने के लिए इस तरह की प्रतियोगिताएं निरंतर आयोजित की जानी चाहिए। सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य समाज के विभिन्न क्षेत्रों में सकारात्मक बदलाव के साथ बच्चों के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देना भी है। इस दौरान राज्यमंत्री के प्रतिनिधि संजीव गौड़, मंडल अध्यक्ष संजय केशरी, डीआईओएस जयराम सिंह, अनूप तिवारी, एबीएसए धनंजय कुमार, अरविंद कुमार पटेल, वरुण त्रिपाठी, जय किशोर वर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे। संचालन डायट प्रवक्ता ऋचा ओझा ने किया।
सेवा संकल्प अभियान में चित्रकला प्रतियोगिता, मुकेश कुमार रहे प्रथम