बारिश में गड्ढों में भर रहा पानी, हादसे का खतरा बढ़ा

म्योरपुर/सोनभद्र(विकास अग्रहरि)
मुर्धवा-बीजपुर मार्ग पर जगह-जगह बने बड़े-बड़े गड्ढे राहगीरों और वाहन चालकों के लिए मुसीबत बन गए हैं। म्योरपुर बाजार, लीलासी मोड़, रासपहरी, रनटोला रेलवे फाटक समेत कई स्थानों पर सड़क की हालत बेहद खराब हो गई है। गड्ढों के कारण आए दिन दोपहिया वाहन सवार गिरकर चोटिल हो रहे हैं।

बरसात के दौरान समस्या और गंभीर हो जाती है। बारिश का पानी गड्ढों में भर जाने से वाहन चालकों को उनकी गहराई और स्थिति का अंदाजा नहीं लग पाता। अचानक पहिया गड्ढे में पड़ने से वाहन अनियंत्रित होने का खतरा बना रहता है। रात के समय यह परेशानी और बढ़ जाती है।
ग्रामीणों का कहना है कि मुर्धवा-बीजपुर मार्ग क्षेत्र का प्रमुख आवागमन मार्ग है। इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। इसके बावजूद सड़क की मरम्मत नहीं होने से लोगों में नाराजगी है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और जिलाधिकारी का ध्यान आकृष्ट कराते हुए जल्द सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि किसी बड़ी दुर्घटना को रोका जा सके।
ग्रामीणों ने कहा कि समय रहते गड्ढों की मरम्मत नहीं हुई तो आने वाले दिनों में हादसों का खतरा और बढ़ सकता है। एक ओर सरकार गड्ढामुक्त सड़क अभियान चला रही है, वहीं दूसरी ओर मुख्य मार्ग की बदहाल स्थिति पर सवाल उठ रहे हैं।
इस संबंध में अवर अभियंता लोक निर्माण विभाग शशि कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि गड्ढों में मरम्मत कराई गई थी। बारिश रुकने के बाद दोबारा गड्ढों को ठीक करा दिया जाएगा।

