बीजपुर(रामजियावन गुप्ता) एन टी पी सी रिहंदनगर में शनिवार को
आगामी दशहरा,,दीपावली पर्व को ध्यान में रखते हुए, केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) रिहंद फायर विंग के द्वारा सेंट जोसेफ स्कूल, एनटीपीसी रिहंद में अग्नि सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के 600 छात्र-छात्राओं एवं 37 शिक्षकों को अग्नि सुरक्षा एवं अग्नि से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। उन्हें आग लगने के प्रमुख कारणों, विद्युत सुरक्षा, पटाखों के सुरक्षित उपयोग, आग लगने की स्थिति में सुरक्षित निकासी तथा आपातकालीन स्थिति में अपनाई जाने वाली आवश्यक सावधानियों के बारे में जागरूक किया गया। कार्यक्रम के दौरान अग्निशामक यंत्रों के सही उपयोग का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया गया, ताकि विद्यार्थी एवं विद्यालय स्टाफ आपात स्थिति में प्रारंभिक अग्निशमन कार्रवाई कर सकें।
इस जागरूकता कार्यक्रम का उद्देश्य आगामी दशहरा, दीपावली के दौरान अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम, सुरक्षित तरीके से पर्व को मनाने तथा विद्यार्थियों एवं समाज में अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
सीआईएसएफ फायर विंग द्वारा सभी से अपील की गई कि “सावधानी ही सुरक्षा है-सुरक्षित रहें और सुरक्षित पर्व ,त्यौहार मनाएँ।”
विद्यालय प्रशासन ने सीआईएसएफ टीम के इस सराहनीय प्रयास के लिए उनका हृदय से आभार व्यक्त किया।
सीआईएसएफ फायर विंग ने सेंट जोसेफ स्कूल, एनटीपीसी रिहंद में अग्नि सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम किया आयोजित
