सोनभद्र

जल संरक्षण को लेकर ग्रामीणों ने लिया संकल्प, ‘एक बूंद भी व्यर्थ न जाए’ का दिया संदेश

म्योरपुर/सोनभद्र(विकास अग्रहरि) म्योरपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत कुसम्हा स्थित प्राथमिक विद्यालय में शनिवार को जल जीवन मिशन की कार्यदायी संस्था जीवीपीआर इंजीनियर लिमिटेड की ओर से ‘जलार्पण’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य हर घर नल से जल योजना के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ जल संरक्षण का संदेश देना रहा।
इस दौरान ग्रामीणों और समाजसेवियों ने जल स्रोतों पर पूजा-अर्चना कर जल अर्पण किया तथा जल संरक्षण की शपथ ली। शपथकर्ता सामाजिक कार्यकर्ता प्रशांत दुबे ने उपस्थित लोगों को ‘कैच द रेन’ अभियान को बढ़ावा देने और ‘एक बूंद भी व्यर्थ न जाए’ का संकल्प दिलाया।
जीवीपीआर के अभियंता सुधीर कुमार ने कहा कि जल जीवन मिशन का उद्देश्य प्रत्येक ग्रामीण परिवार को नल के माध्यम से शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना है। उन्होंने पानी की बर्बादी रोकने, वर्षा जल संचयन और सोख्ता गड्ढे बनाने पर जोर दिया। सुपरवाइजर अंकित कुमार ने कहा कि जनभागीदारी से ही जल स्रोतों का संरक्षण संभव है और इसी से जल जीवन मिशन को सफल बनाया जा सकता है।
इस मौके पर जनसंपर्क अधिकारी आशीष पांडेय, अभियंता सुधीर कुमार, प्रशांत दुबे, सुपरवाइजर अंकित कुमार, वाल्व ऑपरेटर मृत्युंजय तिवारी, भोला प्रसाद, जबरशाह, शंकर प्रसाद, रामविचार, श्यामलाल सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

SBN Live