सोनभद्र

हिंदी’ हमारी सांस्कृतिक एवं प्रशासनिक चेतना की संवाहक है

बीजपुर (रामजियावन गुप्ता) एनटीपीसी रिहंद में विभागीय राजभाषा कार्यान्वयन समिति की महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन समिति अध्यक्ष एवं कार्यकारी निदेशक तथा परियोजना प्रमुख (रिहंद), श्री संजय असाटी की गरिमामयी अध्यक्षता में संपन्न हुआ।

बैठक का विधिवत शुभारंभ अध्यक्ष महोदय की अनुमति प्राप्त कर समिति के सदस्य-सचिव द्वारा किया गया, जिन्होंने उपस्थित सभी सदस्यों का स्वागत किया। तत्पश्चात, पूर्व निर्धारित कार्यसूची के आधार पर राजभाषा हिंदी के उत्तरोत्तर प्रयोग, प्रभावी कार्यान्वयन तथा प्रचार-प्रसार को लेकर विस्तृत एवं सम्यक चर्चा हुई।

गहन विचार-विमर्श के उपरांत समिति अध्यक्ष संजय असाटी ने उपस्थित समिति-सदस्यों को संबोधित करते हुए राजभाषा हिंदी के संदर्भ में अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि ‘हिंदी’ हमारी सांस्कृतिक एवं प्रशासनिक चेतना की संवाहक है। रिहंद परियोजना में हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने के लिए निरंतर ठोस प्रयास किए जा रहे हैं। वर्तमान में आयोजित ‘हिंदी पखवाड़ा’ के अंतर्गत विभिन्न वर्गों के लिए आयोजित प्रतियोगिताएं कर्मचारियों में राजभाषा के प्रति उत्साह और जुड़ाव को दर्शाती हैं।

अपने संबोधन के दौरान समिति अध्यक्ष महोदय ने राजभाषा नियमों का अनुपालन,नई हिंदी प्रोत्साहन योजना का प्रसार, राजभाषा संपर्क कार्यक्रमों की आवृत्ति में वृद्धि तथा कार्यालयीन कार्यों में हिंदी को प्राथमिकता देने पर बल दिया । बैठक से पूर्व ‘हिंदी पखवाड़ा’ के तहत वरिष्ठ अधिकारियों के लिए राजभाषा ज्ञान तथा सामान्य हिंदी ज्ञान पर आधारित एक रोचक प्रतियोगिता भी आयोजित की गई थी। अंत में, श्री पवन कुमार मिश्र, वरिष्ठ प्रबन्धक (राजभाषा) एवं सदस्य-सचिव द्वारा प्रस्तुत धन्यवाद ज्ञापन के साथ बैठक समाप्त हुई ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

SBN Live