सोनभद्र

हिंडाल्को रूरल टेक्नोलॉजीज पार्क में सेवा संकल्प यात्रा का आयोजन

ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी, मुख्यमंत्री आवास के लाभार्थियों को मिली चाबी

म्योरपुर/सोनभद्र (विकास अग्रहरि)

विकासखंड म्योरपुर के लिलासी कस्बा स्थित हिंडालको रूरल टेक्नोलॉजीज पार्क में शनिवार को सेवा संकल्प यात्रा के तहत जनकल्याण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों को स्वच्छता, स्वास्थ्य, पेंशन और सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ब्लॉक प्रमुख (प्रशासक) मानसिंह गोंड ने ग्रामीणों को साफ-सफाई और स्वच्छता के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन समेत अन्य पेंशन योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र लोगों से योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने घर के साथ-साथ गांव की साफ-सफाई में भी सहयोग करना चाहिए।
इस दौरान विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को सरकार की स्वास्थ्य एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई। लोगों को कैशलेस इलाज योजना सहित अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं और योजनाओं के बारे में बताया गया। विभागीय कर्मचारियों ने पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया की भी जानकारी दी।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत चयनित ग्रामीण लाभार्थियों को आवास की चाबी वितरित की गई। आवास की चाबी पाकर लाभार्थियों के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी। लाभार्थियों ने सरकार की आवास योजना को जरूरतमंद परिवारों के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए खुशी जताई।
कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी म्योरपुर राम विशाल चौरसिया, एडीओ पंचायत अजय सिंह, एडीओ (आईएसबी) श्रीश त्रिपाठी, एडीओ कोऑपरेटिव संतोष राय, पंचायत सचिव रामदर्शन, अरुण उपाध्याय, रामबहादुर सिंह, राघवेंद्र सिंह, शुभम सिंह, सुषमा तिवारी, आशा यादव, कनकलता, गणेश जायसवाल सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी और ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

SBN Live