सोनभद्र

बंद मकान का ताला तोड़कर पांच लाख के जेवरात व सामान चोरी

बंद मकान का ताला तोड़कर पांच लाख के जेवरात व सामान चोरी

म्योरपुर/सोनभद्र (विकास अग्रहरि)
म्योरपुर थाना क्षेत्र के आश्रम मोड़ पर एक बंद मकान का ताला तोड़कर चोरों ने सोने-चांदी के आभूषण समेत करीब पांच लाख रुपये का सामान पार कर दिया। घटना की जानकारी शनिवार की सुबह मकान मालिक को हुई। सूचना मिलते ही वह अपने पैतृक गांव से म्योरपुर पहुंचे और घर का हाल देखकर स्तब्ध रह गए। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद म्योरपुर थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल शुरू कर दी।
मुक्तभोगी प्रीतम सिंह ने बताया कि वह करीब एक सप्ताह पूर्व अपने पैतृक घर नगवां ब्लॉक के चौखड़ा गांव गए थे। इस दौरान उनका आश्रम मोड़ स्थित मकान बंद था। शनिवार की सुबह उन्हें सूचना मिली कि उनके मकान का लोहे का चैनल खुला हुआ है। जानकारी मिलते ही वह तत्काल म्योरपुर पहुंचे। घर पहुंचने पर देखा कि मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था और सामान बिखरा पड़ा था। प्रीतम सिंह के अनुसार चोर मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर के अंदर दाखिल हुए। चोरी करने के बाद उन्होंने मकान का पिछला दरवाजा खोलकर वहां से निकलने का रास्ता बनाया। चोर घर में रखे सोने-चांदी के आभूषणों के साथ अन्य कीमती सामान भी ले गए। उन्होंने बताया कि चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब पांच लाख रुपये है। घटना की जानकारी मिलने पर म्योरपुर थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है और चोरों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

SBN Live