सोनभद्र

आगरा में तीन दिवसीय कार्यशाला में सोनभद्र के पत्रकार आशीष कुमार गुप्ता ने किया प्रतिभाग, ग्रामीण ऊर्जा और समाधानपरक रिपोर्टिंग पर हुई चर्चा

सोनभद्र (विकास अग्रहरि) आगरा में 24 से 26 सितंबर तक अर्थ जर्नलिज्म नेटवर्क की ओर से आयोजित तीन दिवसीय भारत मे नवीकरणीय ऊर्जा कार्यशाला में सोनभद्र से सोनप्रभात के संपादक एवं पत्रकार आशीष कुमार गुप्ता ने प्रतिभाग किया। कार्यशाला में देश के विभिन्न हिस्सों से समाचार पत्रों के प्रतिनिधि, स्वतंत्र पत्रकार, संचारक और कंटेंट क्रिएटर शामिल हुए। इस दौरान अक्षय ऊर्जा के बढ़ते दायरे, ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर इसके प्रभाव और ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े मुद्दों की बेहतर रिपोर्टिंग को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

कार्यशाला में सौर ऊर्जा, कृषि-सौर प्रणाली, हरित रोजगार, ऊर्जा संक्रमण, ग्रामीण अर्थव्यवस्था, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और ऊर्जा नीति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों ने जानकारी साझा की। वक्ताओं ने अक्षय ऊर्जा के क्षेत्र में तेजी से हो रहे बदलावों के साथ-साथ इससे जुड़ी संभावनाओं, व्यावहारिक चुनौतियों और ग्रामीण क्षेत्रों में इसके प्रभावों पर प्रकाश डाला।

कार्यशाला में ऊर्जा एवं जलवायु क्षेत्र से जुड़ी विशेषज्ञ निकोल अल्मेडा तथा उत्तर प्रदेश के पूर्व नेडा निदेशक और वर्तमान जिलाधिकारी सुल्तानपुर इंद्रजीत सिंह सहित अन्य विशेषज्ञों ने विभिन्न विषयों पर अपने विचार रखे। विशेषज्ञों ने बताया कि आने वाले समय में ऊर्जा क्षेत्र में हो रहे बदलावों का प्रभाव केवल बिजली उत्पादन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसका सीधा संबंध खेती, रोजगार, पानी, पर्यावरण और ग्रामीण आजीविका से भी होगा।

सोनभद्र में ग्रामीण ऊर्जा के मुद्दों पर हुई चर्चा

कार्यशाला के दौरान सोनभद्र के संदर्भ में ऊर्जा, कृषि और ग्रामीण आजीविका से जुड़े मुद्दों पर भी विशेष चर्चा हुई। जिले में बड़े स्तर पर ऊर्जा उत्पादन के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में सौर ऊर्जा के उपयोग और इससे पैदा हो रहे रोजगार तथा छोटे व्यवसायों की संभावनाओं को लेकर स्थानीय स्तर पर नियमित और तथ्यपरक रिपोर्टिंग की आवश्यकता पर विचार किया गया।

सोनभद्र मे सौर ऊर्जा से संचालित आटा चक्की और अन्य स्थानीय पहल को ग्रामीण स्तर पर अक्षय ऊर्जा के उपयोग के उदाहरण के रूप में चर्चा में रखा गया। इन पहलों से ग्रामीण परिवारों की आय, स्थानीय रोजगार और छोटे व्यवसायों पर पड़ने वाले आर्थिक प्रभाव का आकलन करने तथा ऐसे माडलों की दूसरे ग्रामीण क्षेत्रों में उपयोगिता की पड़ताल किए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया गया।

समस्या के साथ समाधान तलाशने पर जोर
कार्यशाला में समाधानपरक पत्रकारिता को भी प्रमुखता से चर्चा का विषय बनाया गया। पत्रकारों को बताया गया कि किसी समस्या की रिपोर्टिंग के साथ उसके संभावित समाधान, समाधान के प्रभाव, उसकी सीमाओं और किसी मॉडल को दूसरे क्षेत्रों में लागू किए जाने की व्यवहारिक संभावनाओं की भी पड़ताल की जानी चाहिए।
विशेषज्ञों ने कहा कि अक्षय ऊर्जा जैसे विषयों पर रिपोर्टिंग करते समय केवल योजनाओं और आंकड़ों तक सीमित रहने के बजाय उसके वास्तविक प्रभाव को जमीन पर समझना जरूरी है। इसके लिए किसान, ग्रामीण रोजगार, पानी, पर्यावरण, ऊर्जा की उपलब्धता और स्थानीय अर्थव्यवस्था को एक-दूसरे से जोड़कर रिपोर्टिंग किए जाने की आवश्यकता है।

ग्रामीण क्षेत्रों में जमीनी रिपोर्टिंग के लिए विषय चिह्नित
तीन दिवसीय कार्यशाला के दौरान अक्षय ऊर्जा से जुड़े स्थानीय प्रयोगों, ग्रामीण आजीविका, ऊर्जा संक्रमण और इसके सामाजिक-आर्थिक प्रभावों पर जमीनी रिपोर्टिंग के लिए विभिन्न विषयों की पहचान की गई। पत्रकारों ने अपने-अपने क्षेत्रों में ऊर्जा से जुड़े स्थानीय बदलावों, ग्रामीण समुदायों पर उनके प्रभाव और नए अवसरों को सामने लाने को लेकर अनुभव भी साझा किए।

कार्यशाला में देश के विभिन्न हिस्सों से आए पत्रकारों और कंटेंट क्रिएटरों के बीच विचारों का आदान-प्रदान हुआ। आयोजन का उद्देश्य अक्षय ऊर्जा से जुड़े विषयों की समझ को मजबूत करने के साथ पत्रकारों को ऐसे मुद्दों पर तथ्यपरक, जनसरोकार आधारित और समाधानपरक रिपोर्टिंग के लिए तैयार करना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

SBN Live