मारकुंडी सोनभद्र(ओमप्रकाश गुप्ता)चोपन थाना क्षेत्र के पटवध स्थित बसकटवा मोड़ के पास रविवार की सायं भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पीछे से आ रहे एक हाईवा ट्रक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, बाइक सवार दोनों युवक रॉबर्ट्सगंज से चोपन की ओर जा रहे थे।इसी दौरान बसकटवा मोड़ के पास हादसा हो गया। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।
ग्रामीणों के अनुसार, मृतक सिंदुरिया की यादव बस्ती के रहने वाले युवक हो सकते हैं, हालांकि अभी तक दोनों की आधिकारिक पहचान नहीं हो सकी है।
सूचना मिलते ही चोपन पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच-पड़ताल में जुट गई। पुलिस मृतकों की पहचान करने तथा दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
