जैविक हल्दी व रागी की खरीद के लिए एमओयू पर बनी सहमति, ग्रामीण उद्यम और स्वावलंबन की कार्यप्रणाली को करीब से समझा

म्योरपुर /सोनभद्र(विकास अग्रहरि)
समुन्नति फाउंडेशन, वाराणसी के सहयोग से संचालित गाजीपुर, वाराणसी एवं मीरजापुर की एफपीसी (फार्मर प्रोड्यूसर कंपनियां) के निदेशक मंडल (बीओडी), सीईओ और कर्मचारियों समेत 30 सदस्यीय टीम ने बनवासी सेवा आश्रम, गोविंदपुर का दो दिवसीय शैक्षणिक एवं एक्सपोजर भ्रमण किया। 26 और 27 सितंबर को आयोजित भ्रमण का उद्देश्य एफपीसी के निदेशकों एवं कर्मचारियों को ग्रामीण विकास, सामुदायिक सहभागिता, स्वावलंबन तथा सफल ग्रामीण उद्यमों के संचालन की व्यावहारिक जानकारी देना रहा।
भ्रमण के समन्वयक प्रोजेक्ट मैनेजर अरविंद सिंह रहे। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने बनवासी सेवा आश्रम की कार्यप्रणाली, ग्रामीण समुदाय के साथ किए जा रहे कार्यों तथा स्वावलंबन आधारित विभिन्न गतिविधियों को नजदीक से समझा।
‘मार्गदर्शन’ डॉक्यूमेंट्री से जानी आश्रम की कार्ययात्रा
भ्रमण के पहले दिन प्रतिभागियों को बनवासी सेवा आश्रम की कार्ययात्रा और ग्रामीण विकास के प्रयासों पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म ‘मार्गदर्शन’ दिखाई गई। इसके बाद विमल भाई ने आश्रम की विभिन्न गतिविधियों, कार्यक्रमों और ग्रामीण समुदाय के साथ किए जा रहे कार्यों की विस्तार से जानकारी दी। आश्रम के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने भी प्रतिभागियों के साथ अपने अनुभव साझा किए।
टीम के सदस्यों ने ग्राम विकास, सामुदायिक सहभागिता, स्वावलंबन और स्थानीय स्तर पर आजीविका के अवसर विकसित करने की आश्रम की कार्यपद्धति को विशेष रुचि के साथ समझा।
जैविक हल्दी और रागी की खरीद के लिए एमओयू का प्रस्ताव
शैक्षणिक भ्रमण के दौरान एफपीसी के निदेशकों ने बनवासी सेवा आश्रम परिसर में उत्पादित जैविक हल्दी एवं रागी की खरीद के लिए एमओयू करने का प्रस्ताव रखा। इस पहल का उद्देश्य स्थानीय स्तर पर उत्पादित जैविक कृषि उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराना और एफपीसी के माध्यम से उनके व्यापार को बढ़ावा देना है।
एमओयू के माध्यम से एफपीसी और बनवासी सेवा आश्रम के बीच उत्पादों की खरीद एवं विपणन को व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाने पर चर्चा हुई। इससे किसानों और ग्रामीण उत्पादकों को बाजार से जोड़ने तथा उनके उत्पादों के लिए बेहतर व्यावसायिक अवसर विकसित करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
भविष्य में आश्रम के साथ मिलकर अन्य कृषि एवं ग्रामीण उत्पादों के व्यापार को भी विस्तार देने की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया गया। दोनों पक्षों ने आपसी सहयोग से नए व्यावसायिक अवसर विकसित करने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दिया।
रोल मॉडल एंटरप्राइजेज से सीखी कारोबार की बारीकियां
एक्सपोजर विजिट के दौरान एफपीसी के बीओडी और सीईओ ने रोल मॉडल एंटरप्राइजेज के संचालन एवं व्यावसायिक गतिविधियों को समझा। प्रतिभागियों ने उत्पादों के संग्रहण, प्रसंस्करण, विपणन, बाजार से जुड़ाव, प्रबंधन और व्यवसाय को टिकाऊ बनाने से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी ली।
प्रतिभागियों के लिए यह अनुभव एफपीसी के कारोबार को बेहतर तरीके से संचालित करने, बाजार की आवश्यकताओं को समझने और भविष्य की व्यावसायिक योजनाओं को प्रभावी बनाने में उपयोगी रहा।
ग्रामीण उद्यमों को मजबूत करने पर जोर
समुन्नति फाउंडेशन और बनवासी सेवा आश्रम के बीच हुआ यह अनुभव आदान-प्रदान ग्रामीण विकास, जैविक कृषि, स्वावलंबन, सामुदायिक सहभागिता और किसान आधारित उद्यमों को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल रहा।
एफपीसी के निदेशकों ने कहा कि इस तरह के शैक्षणिक एवं एक्सपोजर भ्रमण से स्थानीय संस्थाओं के कार्यों को समझने के साथ व्यावसायिक संभावनाओं की जानकारी मिलती है। इससे एफपीसी के कारोबार को नई दिशा देने, किसानों को बाजार से जोड़ने और ग्रामीण उत्पादों के लिए बेहतर बाजार विकसित करने में मदद मिल सकती है।
