सोनभद्र

खैर के पेड़ों की कटान और तस्करी से जंगल पर मंडरा रहा खतरा

कुसम्हा-मनवसा के जंगल में तस्करों की सक्रियता, सितंबर में आधा दर्जन से अधिक पेड़ काटे जाने का आरोप

चरवाहों की सूचना पर वन विभाग ने शुरू की जांच

म्योरपुर/सोनभद्र(विकास अग्रहरि)

स्थानीय वन रेंज क्षेत्र के कुसम्हा और मनवसा के बीच जंगल तथा बगइया नार के वन क्षेत्र में खैर के पेड़ों की अवैध कटान और तस्करी का मामला सामने आया है। ग्रामीणों के अनुसार तस्कर जंगल से खैर के पेड़ों को काटकर बोटा तैयार कर रहे हैं और बाद में वाहनों के माध्यम से उसे जंगल से बाहर भेजा जा रहा है। हाल ही में तस्कर जंगल से करीब आधा दर्जन खैर के पेड़ काटकर ले गए। चरवाहों की सूचना के बाद वन विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय चरवाहों और ग्रामीणों का कहना है कि जंगल में खैर के पेड़ों पर तस्करों की नजर बनी हुई है। आरोप है कि तस्कर स्थानीय युवाओं को मजदूरी और अन्य प्रलोभन देकर पेड़ कटवाते हैं। पेड़ों की कटान के बाद उनके बोटे किसी सुनसान अथवा गुमनाम स्थान पर एकत्र किए जाते हैं। इसके बाद सप्ताह में एक-दो बार ऑटो अथवा पिकअप के जरिए कथित तौर पर बाहर भेजे जाते हैं।
ग्रामीणों के मुताबिक रविवार की रात करीब दस बजे दो ऑटो के माध्यम से खैर के बोटे जंगल से बाहर भेजे जाने की चर्चा रही। ग्रामीणों का आरोप है कि सितंबर माह में ही जंगल से आधा दर्जन से अधिक खैर के पेड़ काटे जा चुके हैं। इसके बावजूद वन विभाग को इसकी भनक तक नहीं लग सकी।
ग्रामीणों ने वन विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि जब ग्रामीणों की ओर से पेड़ों की अवैध कटान की जानकारी वन विभाग को दी जाती है तो कई बार सूचना देने वाले ग्रामीणों का नाम ही कथित तस्करों और पेड़ काटने वाले युवाओं को बता दिया जाता है। इससे दोनों पक्षों में विवाद और मारपीट की स्थिति उत्पन्न होने का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि कुछ लोगों की ओर से एससी/एसटी एक्ट के तहत झूठा मुकदमा दर्ज कराने की धमकी दी जाती है। ऐसे में ग्रामीण खुलकर अवैध कटान के खिलाफ आवाज उठाने से भी बचते हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि जंगल में इसी तरह खैर के पेड़ों की कटान जारी रही तो आने वाले समय में वन क्षेत्र को भारी नुकसान हो सकता है। लगातार पेड़ों की कटान से जंगल का स्वरूप प्रभावित होने के साथ पर्यावरण पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है। ग्रामीणों ने वन विभाग से जंगल में गश्त बढ़ाने, अवैध कटान की जांच कराने तथा पेड़ों की कटान और तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में म्योरपुर रेंजर जबर सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। प्रकरण की जांच कराई जा रही है। जांच में अवैध कटान और तस्करी की पुष्टि होने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

SBN Live