कोन/सोनभद्र (आनन्द जायसवाल) चोपन ब्लाक के ग्राम पंचायत पड़रछ स्थित दक्षिणांचल मां शारदा इंटर कालेज में राष्ट्रीय नवनिर्माण सेना ट्रस्ट के तत्वावधान में शहीद ए आजम भगत सिंह की जयंती उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता ट्रस्ट के राष्ट्रीय अध्यक्ष आनन्द पटेल दयालु ने की। मुख्य अतिथि अपना दल (एस) के राष्ट्रीय महासचिव व्यापार मंच ज्यूत नारायण पटेल रहे। विशिष्ट अतिथि भाजपा जिला कार्यसमिति सदस्य सुनील कुमार सिंह एवं अपना दल (एस) के वरिष्ठ नेता श्यामाचरण गिरी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगत सिंह के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य मनोज पटेल ने अतिथियों का स्वागत किया। इस दौरान आयोजित कला प्रतियोगिता में करीब 70 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 15 विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कमजोर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का भी उत्साहवर्धन किया गया।
अध्यक्षीय संबोधन में आनन्द पटेल दयालु ने कहा कि क्रांतिकारियों की जीवनी एवं उनके विचारों से संबंधित पुस्तकों को प्रत्येक पाठ्यक्रम में अनिवार्य रूप से शामिल किया जाना चाहिए, ताकि नई पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति, त्याग और समर्पण की भावना विकसित हो सके। उन्होंने कहा कि डॉक्टर, इंजीनियर, नेता अथवा व्यवसायी बनने से पहले प्रत्येक व्यक्ति का सच्चा देशभक्त बनना जरूरी है।
मुख्य अतिथि ज्यूत नारायण पटेल ने कहा कि देशभक्ति की भावना जन-जन में प्रसारित करना राष्ट्रीय नवनिर्माण सेना ट्रस्ट का सराहनीय उद्देश्य है। भगत सिंह केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि एक विचारधारा हैं, जिनके आदर्श सदैव युवाओं का मार्गदर्शन करते रहेंगे।
सुनील कुमार सिंह एवं श्यामाचरण गिरी ने भी भगत सिंह के जीवन और विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम में संतोष कनौजिया, विकास कुमार गौड़, शिब्बु शेख, शम्भू पटेल सहित विद्यालय के शिक्षक, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। संचालन महताब आलम ने किया। अंत में ‘इंकलाब जिंदाबाद’ और ‘शहीद भगत सिंह अमर रहें’ के नारों के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
भगत सिंह जयंती पर क्रांतिकारियों की जीवनी पाठ्यक्रम में शामिल करने की मांग
