बनवासी सेवा आश्रम में दो दिवसीय कार्यशाला, पीएच, फ्लोराइड, आयरन व हार्डनेस जांच के सिखाए तरीके
म्योरपुर /सोनभद्र(विकास अग्रहरि)
बनवासी सेवा आश्रम, गोविंदपुर में पानी की गुणवत्ता जांच विषय पर दो दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में महिला समूहों से जुड़ी महिलाओं सहित कुल 32 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को पेयजल की गुणवत्ता जांच के सरल एवं व्यावहारिक तरीकों की जानकारी दी गई।
कार्यशाला में अभ्यास के माध्यम से पानी में पीएच (pH) मान, फ्लोराइड, हार्डनेस और आयरन आदि की जांच करने की विधि सिखाई गई। प्रतिभागियों को बताया गया कि गांवों में उपलब्ध पेयजल स्रोतों की नियमित जांच कर पानी की गुणवत्ता का पता लगाया जा सकता है। इससे ग्रामीण परिवारों को सुरक्षित एवं पीने योग्य पानी के स्रोतों के चयन में मदद मिलेगी।
प्रशिक्षण का उद्देश्य ग्रामीण समुदाय को जल गुणवत्ता के प्रति जागरूक करने के साथ ही प्रतिभागियों को अपने-अपने गांवों में पेयजल स्रोतों की जांच करने में सक्षम बनाना रहा। प्रशिक्षण के दौरान दूषित पानी से होने वाली संभावित समस्याओं और सुरक्षित पेयजल के महत्व पर भी चर्चा की गई।
कार्यशाला के संदर्भ व्यक्ति प्रेम नारायण रहे। उन्होंने लोक विज्ञान संस्थान, देहरादून में पर्यावरण विशेषज्ञ के रूप में सेवाएं दी हैं। प्रशिक्षण में प्रीतिरानी, ममता, प्रेमकुमारी, मानमती, संतोष, सुरेश और सूरज सहित 32 प्रतिभागियों ने सहभागिता की।
कार्यशाला के समापन पर प्रतिभागियों ने जल की गुणवत्ता को समझने, उसकी जांच करने और ग्रामीण समुदाय को सुरक्षित पेयजल के प्रति जागरूक करने की व्यावहारिक जानकारी प्राप्त की।

