सोनभद्र

सीईसी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर वामदलो ने दिया धरना

सोनभद्र (ओम प्रकाश गुप्ता) मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर संयुक्त वामदलो के कार्यकर्ताओ ने स्वर्ण जयंती चौक स्थित पार्क मे धरना दिया। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी, भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) और माले के कार्यकर्ताओ ने राष्ट्रीय आह्वान पर आयोजित कार्यक्रम मे हिस्सा लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण एवं श्रद्धासुमन अर्पित कर की गई। धरनास्थल पर वक्ताओ ने मुख्य चुनाव आयुक्त पर पक्षपातपूर्ण एवं अलोकतांत्रिक कार्यशैली का आरोप लगाते हुए उनके इस्तीफे की मांग की।

वामदलो के नेताओ ने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया के चलते बड़ी संख्या में मतदाताओं के मताधिकार प्रभावित होने की आशंका है। उन्होने मताधिकार से वंचित मतदाताओ के अधिकार बहाल करने और निर्वाचन आयोग की निष्पक्षता एवं विश्वसनीयता कायम करने की मांग की।

धरना समाप्त होने के बाद शाम चार बजे राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन उप जिलाधिकारी (सदर) को सौंपा गया। ज्ञापन में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने, एसआईआर प्रक्रिया में प्रभावित मतदाताओं का मताधिकार बहाल करने तथा चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति की मौजूदा व्यवस्था में बदलाव की मांग की गई। वामदलों ने चयन प्रक्रिया में प्रधानमंत्री, लोकसभा में विपक्ष के नेता और भारत के मुख्य न्यायाधीश को शामिल किए जाने की मांग भी उठाई।

इसके अलावा प्रमुख सचिव और मंडलायुक्त को संबोधित ज्ञापन के माध्यम से स्वर्ण जयंती चौक पर संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर तथा कचहरी स्थित चौराहे पर शहीद-ए-आजम भगत सिंह की प्रतिमा स्थापित करने की मांग भी की गई।

धरने को माकपा जिला मंत्री कामरेड नंदलाल आर्य, भाकपा जिला सह सचिव कामरेड देव कुमार विश्वकर्मा, माले के राज्य सचिव कामरेड सुधाकर यादव, खेत मजदूर यूनियन के कामरेड चंदन प्रसाद पासवान और किसान सभा के कामरेड प्रेमनाथ सहित अन्य नेताओं ने संबोधित किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कामरेड पकड़ूं सिंह कुशवाहा ने की, जबकि संचालन कामरेड ईश्वर दयाल ने किया। इस दौरान कामरेड श्याम नारायण सिंह, बसावन गुप्ता, अमरनाथ सूर्य, नागेंद्र कुमार, मोहम्मद मुस्तफा, पुरुषोत्तम, दिनेश कोल, कमली देवी समेत बड़ी संख्या में वामपंथी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

SBN Live